
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर उनके गृह जिले जशपुर को आवासीय विकास की बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की अटल विहार योजना के तहत कुनकुरी के गिनाबहार और जशपुर के बालाछापर में करीब 51.48 करोड़ रुपये की लागत से दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी।
करीब 14 एकड़ भूमि पर बनने वाली इन कॉलोनियों में कुल 225 आवासों का निर्माण होगा। योजनाओं का उद्देश्य विभिन्न आय वर्गों के परिवारों को किफायती दरों पर सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी के निर्देशों पर इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। गिनाबहार में 17.15 करोड़ रुपये की लागत से 97 आवास बनाए जाएंगे, जबकि बालाछापर में 34.32 करोड़ रुपये से 128 आवासों के साथ व्यावसायिक दुकानों का भी निर्माण प्रस्तावित है।
गिनाबहार में 97, बालाछापर में बनेंगे 128 आवास
कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में करीब सात एकड़ भूमि पर 97 आवास बनाए जाएंगे। इनमें 91 आवास आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए निर्धारित हैं। पात्र ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों को 80 हजार रुपये और एलआईजी हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। परियोजना के लिए 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।
कमजोर परिवारों के लिए कुल 128 आवास प्रस्तावित
जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में सात एकड़ भूमि पर बनने वाली कॉलोनी में उच्च, मध्यम और निम्न आय वर्ग सहित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कुल 128 आवास प्रस्तावित हैं। यहां 11 एचआईजी, 20 एमआईजी, 4 जूनियर एमआईजी, 55 एलआईजी और 38 ईडब्ल्यूएस आवास बनाए जाएंगे। करीब 34 करोड़ 32 लाख 25 हजार रुपये की लागत वाली इस परियोजना में व्यावसायिक दुकानों के साथ बस स्टॉप, सामुदायिक भवन, गार्डन, बॉक्स क्रिकेट और बच्चों के लिए प्ले एरिया जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी कॉलोनियां
दोनों परियोजनाओं में आंतरिक सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र, जल निकासी और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं पर जोर दिया जाएगा। गिनाबहार की कॉलोनी कुनकुरी-बगीचा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से करीब दो किलोमीटर दूर और बालाछापर की कॉलोनी रायगढ़ रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से लगभग 200 मीटर की दूरी पर विकसित की जाएगी। गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के अनुसार, योजनाओं में विभिन्न आय वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण और किफायती आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव तक भी विस्तार
जशपुर जिले में आवासीय योजनाओं का विस्तार गिनाबहार और बालाछापर तक सीमित नहीं रहेगा। महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम मदनपुर में भी आवासीय योजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है। मदनपुर की योजना सहित संबंधित आवासीय योजनाओं के लिए बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। प्रथम चक्र की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

