
रायपुर। नक्सल मुक्त प्रदेश की घोषणा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। उनका दो दिवसीय दौरा 18 और 19 मई को है। 19 मई को बस्तर में होने जा रही मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उनके दौरे को लेकर तैयारियां जोर-जोर से चल रही हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री 17 मई की रात रायपुर पहुंच जाएंगे। मेफेयर होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। 18 मई की सुबह 10:30 बजे राजधानी रायपुर के पीटीएस माना परिसर में डायल-112 सेवा की 400 नई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रायपुर कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह माना एयरपोर्ट से दोपहर में जगदलपुर रवाना होंगे। वहां नेतानार में जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी देंगे।
इसी कड़ी में बादल अकादमी में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे और बस्तर क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। शाम के समय अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। साथ ही बस्तर की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक चार राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
जगदलपुर में ही 19 मई को सुबह 11 बजे मध्य क्षेत्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक की होगी। इसमें छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। शाम को जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

