शनिवार, 10 अक्टूबर 2026
Logo
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का होगा विस्तार, 100 करोड़ रुपए का प्रावधान: विष्णुदेव साय

10 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
छत्तीसगढ़ में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का होगा विस्तार, 100 करोड़ रुपए का प्रावधान: विष्णुदेव साय
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है। खेल अधोसंरचना के विकास के लिए राज्य सरकार ने इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।


मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के जोरा में सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी घोषणा और अनुबंध हस्ताक्षर समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नवा रायपुर में प्रस्तावित विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स क्लब की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। पद्म भूषण सम्मानित बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी की शुरुआत प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।


कार्यक्रम में प्रह्लाद राय अग्रवाल, दीपचंद राजलीवाल, पवित्र कुमार, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य अतिथि और नागरिक उपस्थित रहे।


बस्तर ओलंपिक में बढ़ी भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है। पहले वर्ष इसमें लगभग 1.65 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 3.91 लाख हो गई। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवा अब हिंसा से दूर होकर खेल, शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से अपना भविष्य संवार रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां अपनी प्रतिभा से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रही हैं।


2047 तक 75 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। इसके लिए उद्योग, सेवा क्षेत्र, आधुनिक तकनीक, निवेश और मानव संसाधन के विकास पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिंगापुर प्रवास के दौरान डेटा सेंटर और कृषि प्रसंस्करण सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना, ई-ऑफिस प्रणाली और शासकीय सेवाओं के डिजिटलीकरण से प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जा रहा है। नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में भी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।


खेल और स्वास्थ्य विकसित भारत के आधार: गोपीचंद

वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर शिक्षा, तकनीक, सेवा क्षेत्र और आधुनिक अधोसंरचना के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सकेगा। पुलेला गोपीचंद ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए युवा पीढ़ी का शिक्षित होने के साथ स्वस्थ, सक्रिय, अनुशासित और शारीरिक रूप से सक्षम होना भी जरूरी है। खेलों में निवेश स्वस्थ एवं आत्मविश्वासी समाज के निर्माण में योगदान देता है। उन्होंने खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें