
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को राज्यपाल रमेन डेका ने राजधानी में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योग हमें केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, मानसिक और भावनात्मक रूप से भी मजबूत बनाता है। आजकल की भागदौड़ और तनावपूर्ण जिंदगी में खुद को स्वस्थ रखने का योग सबसे आसान उपाय है।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्य अतिथि रहे। सबसे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का वाचन किया। इसके बाद सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। राज्यपाल ने कहा कि योग भारत की बहुत पुरानी और अनमोल परंपरा है। योग हमारी हजारों साल पुरानी जीवनशैली है, जो हमारे शरीर, मन और आत्मा को जोड़ती है। आज करीब 180 देश के निवासी योग कर रहे हैं। इससे बड़ा भारत की संस्कृति का सम्मान और क्या हो सकता है।
परीक्षा का तनाव हो या कैरियर की चिंता, योग इन सबका हल है
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि कई अध्ययनों में साबित हो चुका है कि यदि हम 20-30 मिनट योग करते हैं, तो हमारे अंदर एकाग्रता, आत्मविश्वास और मन की शांति बढ़ेगी। परीक्षा का तनाव हो या कैरियर की चिंता, योग इन सबका हल है। आज कई बीमारियां हमारी जीवनशैली के कारण बढ़ रही हैं, जैसे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, मोटापा, हृदय रोग और मानसिक तनाव आदि, नियमित योग से इन बीमारियों में लाभ होता है। एनसीसी, एनएसएस, खेल और अन्य गतिविधियों से जुड़े युवा, योग को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करें। इससे आपकी ऊर्जा, सही दिशा में लगेगी और आप एक जिम्मेदार नागरिक बन पाएंगे।
योग को जन जीवन का हिस्सा बनाने के लिए करें लोगों को जागरूक
राज्यपाल ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ के हर जिले में गए हैं और अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि योग को जन जीवन का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को जागरूक करें। स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत भवनों में भी नियमित योग सत्र हो। जहां बुजुर्ग, महिलाएं, युवा बच्चे सभी योगाभ्यास में शामिल हों। योग दिवस पर हम सब संकल्प लें कि रोज़ थोड़ी देर योग करेंगे, अपने परिवार और आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे और स्वस्थ, खुशहाल छत्तीसगढ़ और भारत के निर्माण में भाग लेंगे।
विवि परिसर में पौधा लगाया
राज्यपाल ने एक पेड़ मां के नाम के तहत विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। योगाभ्यास कार्यक्रम में विधायकों में पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मुख्य सचिव अभिताभ जैन, राज्यपाल के मुख्य सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना, पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम, संभागायुक्त महादेव कांवरे, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन की उपस्थिति रही।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

