
दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की एक फ्लाइट सोमवार रात निर्धारित मार्ग से भटक गई और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी मिलने के बाद विमान को वापस भारतीय एयरस्पेस में लाया गया। तकनीकी समस्या के कारण हुई इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। विमान आखिरकार करीब चार घंटे की देरी से अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा।
उड़ान के दौरान आई तकनीकी समस्या
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार एयरबस AI-321 ने सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। विमान अपने तय समय से 3 मिनट देर से रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के बाद विमान अपने निर्धारित मार्ग से हट गया और पाकिस्तान के एयरस्पेस में पहुंच गया।
पाकिस्तान से चेतावनी मिलने पर हुआ खुलासा
विमान के पाकिस्तान की सीमा में पहुंचने की जानकारी पायलट को तब मिली जब पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की ओर से लगातार चेतावनी संदेश मिलने लगे। स्थिति स्पष्ट होते ही पायलट ने विमान का मार्ग बदला और यू-टर्न लेकर भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस प्रवेश किया।
अमृतसर पहुंचा, लेकिन नहीं मिली लैंडिंग की अनुमति
विमान को रात 10:30 बजे अमृतसर उतरना था, लेकिन देरी के कारण जब तक वह अमृतसर पहुंचा, तब तक एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ चुका था। एयर ट्रैफिक की वजह से विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली और एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने उसे वापस दिल्ली भेजने के निर्देश दिए।
दिल्ली लौटकर फिर भरी उड़ान
निर्देश मिलने के बाद विमान दिल्ली वापस गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। करीब दो घंटे बाद दोबारा मंजूरी मिलने पर विमान फिर अमृतसर के लिए रवाना हुआ और सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। इस तरह फ्लाइट अपने तय समय से लगभग 4 घंटे देरी से गंतव्य तक पहुंची।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने क्या कहा
अमृतसर एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी विमान को अंतिम लैंडिंग अनुमति एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से दी जाती है। रनवे की उपलब्धता, एयर ट्रैफिक या अन्य तकनीकी परिस्थितियों के कारण कई बार विमानों को कुछ समय तक हवा में ही इंतजार करना पड़ता है।
विमान को दिल्ली भेजने का फैसला
अधिकारी के मुताबिक संबंधित विमान की लैंडिंग में देरी होने से एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ गया था। बाद में जानकारी मिली कि तकनीकी कारणों से विमान निर्धारित मार्ग से हट गया था। परिस्थितियों को देखते हुए उसे वापस दिल्ली भेजने का निर्णय लिया गया।
यात्रियों को देरी हुई, लेकिन स्थिति सामान्य रही
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार घटना के बावजूद किसी बड़े विवाद या अव्यवस्था की जानकारी सामने नहीं आई। यात्रियों को देरी का सामना जरूर करना पड़ा, लेकिन पूरी स्थिति सामान्य बनी रही।
इससे पहले पाकिस्तान की फ्लाइट भी भारतीय एयरस्पेस में पहुंची थी
इससे पहले 12 जून को पाकिस्तान की पैसेंजर फ्लाइट फ्लाई जिन्ना-9P514 खराब मौसम के कारण भारतीय हवाई क्षेत्र में पहुंच गई थी। लाहौर से उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान निर्धारित मार्ग से हट गया था। तकनीकी गड़बड़ी की आशंका होने पर उसे वापस पाकिस्तान के एयरस्पेस में ले जाया गया था।
हाल के वर्षों में हुईं अन्य विमान घटनाएं
6 मई 2026 को हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची इंडिगो फ्लाइट 6E 108 में लैंडिंग के बाद केबिन के पिछले हिस्से में धुआं भर गया था। जांच में एक यात्री के पावर बैंक में विस्फोट की बात सामने आई। इमरजेंसी निकासी के दौरान 5 से 6 यात्री घायल हुए थे, जबकि एक महिला के पैर में फ्रैक्चर हो गया था।
बठिंडा में सैन्य विमान हादसा
7 मई 2025 को पंजाब के बठिंडा जिले के अकलियां कलां गांव के पास एक सैन्य विमान खेतों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के बाद विमान में आग लग गई थी। इस घटना में 2 लोगों की मौत हुई थी और 9 अन्य घायल हुए थे। पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा था।
अपाचे हेलीकॉप्टर की एहतियाती लैंडिंग
13 जून 2025 को भारतीय वायु सेना के एक अपाचे हेलीकॉप्टर को तकनीकी समस्या के कारण पठानकोट जिले में खेतों के बीच उतारना पड़ा था।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

