
अमेरिका के फ्लोरिडा में एक भीषण विमान हादसे ने 9 लोगों की जान ले ली। टेक्सास से बहामास जा रहा बिजनेस जेट रविवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे से पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान के तेजी से नीचे गिरने और जमीन से टकराने की आशंका जताते हुए इमरजेंसी संदेश दिया था।
विमान रिहायशी इलाके के पास गिरा, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ और आग फैल गई। दुर्घटनास्थल से करीब 14 किलोमीटर की दूरी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का मार-ए-लागो आवास है। हादसे के बाद लगभग 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
35 हजार फीट की ऊंचाई से बेकाबू हुआ विमान, 30 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से गिरा
हादसे से पहले बिजनेस जेट करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था। अचानक विमान की स्थिति बिगड़ने लगी और वह तेजी से नीचे आने लगा। गिरने के दौरान इसकी अधिकतम अवरोहण दर 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई।
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, यह दुर्घटना रविवार दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर हुई। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताया है।
पायलट की 'मेडे' कॉल में सामने आई आखिरी कोशिश
एयर ट्रैफिक कंट्रोल और विमान के पायलट के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग में दुर्घटना से पहले की गंभीर स्थिति सामने आई है। पायलट ने मौसम खराब होने, विमान पर बर्फ जमने और तेज झटके लगने की जानकारी दी थी।
बढ़ते खतरे को देखते हुए उसने 2 हजार फीट अतिरिक्त ऊंचाई पर जाने की अनुमति भी मांगी। मगर हालात संभलने के बजाय विमान तेजी से नीचे गिरने लगा और पायलट को आपातकाल घोषित करना पड़ा।
रेडियो पर पायलट ने 'मेडे' कॉल देते हुए बताया कि विमान करीब 8 हजार फीट नीचे जा रहा है और उसकी गिरने की रफ्तार 10 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच चुकी है। उसने जमीन से टकराने का खतरा भी जाहिर किया।
धमाके के बाद जमीन पर बना बड़ा गड्ढा, आसपास फैली आग
विमान सड़क के नजदीक जमीन से टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरदार विस्फोट हुआ और घटनास्थल पर जमीन में बड़ा गड्ढा बन गया। आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया।
इस दुर्घटना में विमान में मौजूद सभी 9 लोगों की मौत हो गई। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान टेक्सास से बहामास के लिए रवाना हुआ था।
600 लोगों को सुरक्षित निकाला, बनाए गए दो शेल्टर
दुर्घटना रिहायशी क्षेत्र में होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाए गए। फ्लोरिडा के अधिकारियों के अनुसार, विमान के मलबे और हादसे के प्रभाव को देखते हुए करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों के रहने के लिए प्रशासन ने दो शेल्टर तैयार किए।
FAA और NTSB मिलकर करेंगे विमान हादसे की जांच
अमेरिका का फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) दुर्घटना की जांच में सहयोग के लिए अपनी टीम भेज रहा है। यह टीम नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर हादसे के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल करेगी।
एविएशन इंडस्ट्री की वेबसाइट एविएशन इंटरनेशनल न्यूज के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बिजनेस जेट का निर्माण 2004 में हुआ था। इस लिहाज से हादसे के समय विमान करीब 22 साल पुराना था।
खराब मौसम और बिजली की लाइन से टकराने के दावे की जांच जरूरी
हादसे के समय फ्लोरिडा के संबंधित इलाके में भारी बारिश, गरज-चमक और तूफान की स्थिति थी। पायलट ने भी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मौसम बिगड़ने और विमान पर बर्फ जमने की जानकारी दी थी।
सोशल मीडिया पर कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि दुर्घटना से पहले विमान बिजली की लाइन से टकराया था। हालांकि, अधिकारियों ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। खराब मौसम को भी अभी तक दुर्घटना की प्रमाणित वजह नहीं माना गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

