बुधवार, 30 सितंबर 2026
Logo
International

फ्लाईदुबई फ्लाइट में पायलट पर चाकू से हमला, हाईजैक अलर्ट के बाद ताबुक में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

30 सित, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
फ्लाईदुबई फ्लाइट में पायलट पर चाकू से हमला, हाईजैक अलर्ट के बाद ताबुक में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कॉकपिट के भीतर पायलटों के बीच हिंसक झड़प ने बड़ा संकट खड़ा कर दिया। एक पायलट पर चाकू से हमला हुआ और विमान के नियंत्रण को लेकर हालात बिगड़ गए।


विमान से पहले इमरजेंसी और फिर हाईजैक का सिग्नल मिलने पर इजराइल ने फाइटर जेट रवाना किए। करीब 180 यात्रियों वाली फ्लाइट को रास्ता बदलकर सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया।


दो मिनट में 34 हजार से 16,600 फीट पर आया विमान

फ्लाइट के रडार डेटा के मुताबिक विमान की ऊंचाई में अचानक बड़ा बदलाव हुआ। करीब दो मिनट के दौरान यह 34,000 फीट से 16,600 फीट तक नीचे आ गया। इसके बाद विमान का रूट बदला और उसे सऊदी अरब के ताबुक की दिशा में ले जाया गया।

पहले 7700, फिर 7500 कोड भेजा गया

विमान के सिस्टम से लगातार दो महत्वपूर्ण संकेत मिले।

7700: विमान में गंभीर इमरजेंसी

7500: विमान में हाईजैक की स्थिति


पहले इमरजेंसी कोड और उसके कुछ ही सेकंड बाद हाईजैक कोड आने से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।


कॉकपिट में पायलटों के बीच शुरू हुआ विवाद

शुरुआती जानकारी के अनुसार कॉकपिट में पायलट और को-पायलट के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए। विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।


यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर रोका

इजराइली मीडिया में यात्रियों के हवाले से बताया गया कि विमान के नीचे जाने के दौरान कुछ यात्री कॉकपिट की ओर पहुंचे। उन्होंने हमलावर पायलट को रोकने की कोशिश की और उसे कॉकपिट से बाहर किया। एक यात्री के मुताबिक, विमान में सादे कपड़ों में दो अन्य पायलट भी मौजूद थे। इनमें से एक ने बाद में विमान का नियंत्रण संभाला।


घायल पायलट को देखकर यात्री रह गए हैरान

मिरियम नाम की यात्री ने बताया कि उसे कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनाई दीं। दरवाजा खुलने पर उसने एक पायलट को घायल अवस्था में देखा। उसके हाथ में फोल्डिंग चाकू था और कॉकपिट में खून बिखरा हुआ था। एक अन्य यात्री के अनुसार घायल पायलट की स्थिति गंभीर थी।


विमान में मौजूद एक इजराइली डेंटिस्ट ने घायल पायलट को चिकित्सा सहायता दी और उसकी जान बचाने में मदद की।


150 यात्री इजराइली नागरिक

फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे। इनमें लगभग 150 इजराइली नागरिक बताए गए हैं।


घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर इजराइली अधिकारियों ने स्थिति की निगरानी शुरू की।


इजराइल ने भेजे फाइटर जेट, ताबुक में उतरी फ्लाइट


हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद इजराइली एयरफोर्स ने फाइटर जेट रवाना किए। सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।


प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। बाद में फ्लाइट का रास्ता बदलकर सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।


इजराइल ने कुछ समय के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद किया था।


संभावित आतंकी हमले के एंगल से जांच

जेरूशलम पोस्ट के अनुसार इजराइली सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को संभावित आतंकी हमले के पहलू से भी देख रही हैं। शुरुआती जांच में जिस पायलट पर हमला करने का आरोप है, उसके ओमान का नागरिक होने की बात सामने आई है।


पीएम और रक्षा मंत्री ने की इमरजेंसी बातचीत

हिब्रू मीडिया के अनुसार इजराइल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने घटना को लेकर आपात बातचीत की। इसमें विमान की स्थिति और यात्रियों से संबंधित जानकारी ली गई। इजराइली एयरफोर्स के फाइटर जेट भी फ्लाइट की ओर भेजे गए थे।


चैनल 12 से बात करते हुए इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विमान में बहुत बड़ी अनहोनी होने से बच गई। उनके मुताबिक, समय रहते पायलट को नियंत्रित नहीं किया जाता तो घटना 2001 के अमेरिका के 9/11 हमलों जैसी हो सकती थी।


पहले भी पायलटों के बीच विवाद के मामले

विमानन क्षेत्र में कॉकपिट या फ्लाइट क्रू के बीच हिंसक विवाद के मामले पहले भी सामने आए हैं।

2022: जिनेवा से पेरिस जा रही एयर फ्रांस की फ्लाइट में दो पायलटों के बीच कॉकपिट में झगड़ा हुआ था। बाद में दोनों को सस्पेंड किया गया।

2009: शारजाह से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में पायलटों और क्रू मेंबरों के बीच मारपीट का मामला सामने आया था। जांच के बाद संबंधित कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें