
मध्य-पूर्व में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से संयम बरतने की अपील की है। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प को आशंका है कि अगर संघर्ष और बढ़ा तो अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौता खतरे में पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई बातचीत में ट्रम्प ने नेतन्याहू को बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई से बचने की सलाह दी।
ट्रम्प ने क्यों जताई चिंता?
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प का मानना है कि इजराइल की ओर से व्यापक सैन्य कार्रवाई होने पर अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक प्रयास पूरी तरह पटरी से उतर सकते हैं। बताया गया है कि बातचीत के दौरान उन्होंने नेतन्याहू से कहा कि हालात को और न बिगाड़ें, क्योंकि इससे इजराइल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग भी पड़ सकता है।
कैसे बढ़ा ईरान-इजराइल तनाव?
तनाव तब और बढ़ गया जब इजराइल ने बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर कार्रवाई की। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं। इसके बाद इजराइल ने भी ईरान के भीतर चुनिंदा सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प के हस्तक्षेप के बाद इजराइल ने फिलहाल बड़े सैन्य अभियान को टालने पर सहमति जताई है, बशर्ते ईरान भी हमले रोक दे।
नेतन्याहू का साफ संदेश
इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि यदि जरूरत पड़ी तो इजराइल दोबारा सैन्य कार्रवाई करेगा। उन्होंने दोहराया कि इजराइल किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा और राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट
1. दो महीने बाद फिर भड़की जंग
अप्रैल में हुए सीजफायर के बाद ईरान ने इजराइल पर करीब 30 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जवाब में इजराइल ने ईरान के सैन्य ठिकानों, एयर डिफेंस सिस्टम और पेट्रोकेमिकल प्लांट पर हमले किए।
2. भारत की एडवाइजरी
बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा टालने और वहां मौजूद भारतीयों से जल्द सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी है।
3. हूती विद्रोहियों की चेतावनी
यमन के हूती विद्रोहियों ने रेड सी में इजराइल से जुड़े जहाजों को निशाना बनाने और समुद्री नाकाबंदी की चेतावनी दी है। इससे वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
4. कच्चा तेल हुआ महंगा
तनाव बढ़ने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में 3% से ज्यादा उछाल दर्ज किया गया। निवेशकों को होर्मुज स्ट्रेट से तेल आपूर्ति प्रभावित होने की चिंता सता रही है।
5. ट्रम्प-नेतन्याहू के रिश्तों पर चर्चा
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ट्रम्प ने नेतन्याहू से ईरान पर बड़ा पलटवार न करने को कहा। वहीं ट्रम्प का यह भी कहना बताया गया कि ईरान के साथ जो भी समझौता होगा, उसे इजराइल को स्वीकार करना होगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

