
दो तेल टैंकरों में विस्फोट और डिसैलिनेशन प्लांट पर हमलों के दावों ने ईरान-अमेरिका तनाव को नई दिशा दे दी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर अलग-अलग आरोप लगा रहे हैं, जबकि खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
होर्मुज स्ट्रेट, ईरानी सैन्य ठिकानों और खाड़ी देशों की जल आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण संयंत्र अब इस टकराव के केंद्र में आ गए हैं। इसी बीच ईरान की ओर से अमेरिका को लेकर नई सैन्य चेतावनी भी सामने आई है।
IRGC का दावा, होर्मुज स्ट्रेट में टैंकरों में हुआ विस्फोट
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकर समुद्र में बिछी माइंस से टकरा गए, जिसके बाद उनमें आग लग गई। IRGC का कहना है कि यह घटना अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की गलत जानकारी के कारण हुई।
CENTCOM ने दावे को किया खारिज
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने IRGC के आरोपों को गलत बताया। CENTCOM के अनुसार, उसने लगातार सातवीं रात ईरान के सैन्य ठिकानों, हथियार भंडार और समुद्री सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाकर कार्रवाई की।
अल जजीरा के मुताबिक, इन हमलों में सीरिक, बुशेहर, बंदर अब्बास, केश्म द्वीप और यज्द को निशाना बनाया गया।
ईरानी सांसद ने दी नई चेतावनी
ईरानी सांसद अहमद बख्शायेश अर्देस्तानी ने कहा कि यदि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जमीनी हमला किया तो ईरान कुवैत और बहरीन में प्रवेश करेगा और वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा।
अब डिसैलिनेशन प्लांट भी बने निशाना
ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष में अब समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने वाले डिसैलिनेशन प्लांट भी हमलों के दायरे में आ गए हैं। कुवैत का दावा है कि ईरान ने उसके एक डिसैलिनेशन प्लांट पर हमला किया। ईरान का दावा है कि अमेरिका ने होर्मोजगान स्थित उसके एक डिसैलिनेशन प्लांट को निशाना बनाया।
खाड़ी देशों के लिए क्यों अहम हैं डिसैलिनेशन प्लांट
मध्य पूर्व के कई देशों में पीने के पानी की आपूर्ति का प्रमुख स्रोत डिसैलिनेशन प्लांट हैं। इन संयंत्रों में समुद्र के खारे पानी को साफ कर पीने योग्य बनाया जाता है।
पानी की जरूरत का आंकड़ा:
कुवैत और ओमान: करीब 90%
बहरीन: करीब 85%
सऊदी अरब: लगभग 70%
अबू धाबी, दुबई, दोहा, कुवैत सिटी और जेद्दा: पीने के पानी के लिए 100% डिसैलिनेशन प्लांट पर निर्भर
ईरान: कुल मिलाकर निर्भरता कम, लेकिन सूखा प्रभावित क्षेत्रों में इनका उपयोग किया जाता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

