
रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने रोम की सड़कों पर साथ कार राइड की और करीब 2000 साल पुराने ऐतिहासिक कोलोजियम का भी दौरा किया। दोनों नेताओं की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं। मेलोनी ने मोदी के साथ सेल्फी शेयर करते हुए लिखा, “Welcome My Friend.”
डिनर के दौरान हुई अहम बातचीत
इटली पहुंचने के बाद पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने साथ डिनर भी किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर अनौपचारिक चर्चा हुई। PM मोदी ने एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि औपचारिक बैठक में भारत-इटली दोस्ती को और मजबूत बनाने पर बातचीत जारी रहेगी।
रिश्तों को मिलेगा नया दर्जा?
इस दौरे की सबसे अहम बात भारत और इटली के रिश्तों को लेकर मानी जा रही है। दोनों देश अपने संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा देने पर विचार कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक दोनों देशों के बीच नियमित सालाना बैठकें शुरू करने पर भी चर्चा हो सकती है, जिससे रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
व्यापार और टेक्नोलॉजी पर रहेगा फोकस
भारत और इटली के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल दोनों देशों के बीच कारोबार 14 अरब यूरो से ज्यादा का बताया जा रहा है। रक्षा, हरित ऊर्जा, ऑटोमोबाइल, फार्मा, मशीनरी और एडवांस टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर्स में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
इटली के उद्योगपतियों से भी मिलेंगे मोदी
PM मोदी अपने दौरे के दौरान इटली के बड़े उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस बैठक में भारत में मैन्युफैक्चरिंग, निवेश और नई इंडस्ट्रियल पार्टनरशिप पर चर्चा होने की संभावना है। भारत विदेशी निवेश बढ़ाने की दिशा में इसे अहम कदम मान रहा है।
वैश्विक मुद्दों पर भी होगी चर्चा
मोदी और मेलोनी के बीच मिडिल ईस्ट तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा, एनर्जी सिक्योरिटी और ग्लोबल सप्लाई चेन जैसे बड़े वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। दोनों देश अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने और साझा रणनीति पर काम करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
2024 में भी इटली गए थे PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले जून 2024 में इटली गए थे। तब उन्होंने इटली के अपुलिया क्षेत्र में आयोजित G-7 Summit में हिस्सा लिया था। 15 मई से शुरू हुए अपने विदेश दौरे में मोदी UAE, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा कर चुके हैं। इटली इस यात्रा का आखिरी पड़ाव है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

