
किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में हुए SCO समिट की एक ग्रुप फोटो को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की सोशल मीडिया पोस्ट विवादों में आ गई है। पाकिस्तान PMO ने X पर जो तस्वीर साझा की, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिखाई नहीं दे रहे हैं।
मूल तस्वीर में 12 लोग मौजूद थे, लेकिन पाकिस्तान PMO की एडिटेड पोस्ट में केवल 7 लोग नजर आए। इस तस्वीर में मोदी के साथ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान समेत कुल 5 नेताओं को हटा दिया गया।
शहबाज शरीफ के साथ मोदी मूल तस्वीर में मौजूद
यह तस्वीर SCO समिट के दौरान नेताओं के ग्रुप फोटो सेशन की है। मूल फोटो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ दोनों एक साथ दिखाई देते हैं। भारतीय प्रधानमंत्री की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर में भी शहबाज शरीफ नजर आ रहे हैं। इसके विपरीत पाकिस्तान PMO की पोस्ट की गई तस्वीर में मोदी को शामिल नहीं किया गया।
एडिटेड फोटो से इन 5 लोगों को हटाया गया
पाकिस्तान PMO की ओर से साझा की गई तस्वीर में मूल ग्रुप फोटो के मुकाबले पांच लोगों को हटाया गया है।
- SCO महासचिव नूरलान यरमेकबायेव
- बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको
- भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान
- कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम जोमार्ट तोकायेव
मूल तस्वीर में 12 लोग थे, जबकि एडिटेड संस्करण में 7 लोग ही दिखाई देते हैं।
मोदी और जिनपिंग की अचानक हुई मुलाकात
SCO समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भी मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और कुछ समय बातचीत की। दोनों के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक पहले से निर्धारित नहीं थी। मुलाकात के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भी दोनों नेताओं के साथ दिखाई दिए।
आतंकवाद पर PM मोदी का सख्त संदेश
SCO समिट में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर दोहरे रवैये से बचने की बात कही। उन्होंने आतंकवाद के पूरे तंत्र को समाप्त करने पर जोर दिया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

