
अमेरिका का ट्रम्प प्रशासन इजराइल के लिए 2.8 अरब डॉलर (करीब ₹26 हजार करोड़) के नए हथियार पैकेज पर आगे बढ़ रहा है। प्रस्ताव में 40 हजार 2,000 पाउंड यानी करीब 900 किलो वजन वाले बम शामिल हैं।
इस पैकेज की औपचारिक मंजूरी अभी बाकी है, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों ने कांग्रेस की संबंधित समितियों को इसकी अनौपचारिक जानकारी दे दी है। इसमें 20 हजार Mk84 और 20 हजार BLU-117 बम प्रस्तावित हैं।
2024 में बाइडेन ने रोकी थी ऐसी बमों की खेप
इन 2,000 पाउंड वाले बमों की सप्लाई पहले 2024 में जो बाइडेन प्रशासन ने रोक दी थी। उस समय आशंका जताई गई थी कि गाजा जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में इनका इस्तेमाल होने पर बड़ी संख्या में नागरिकों की जान जा सकती है।
डोनाल्ड ट्रम्प के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद इस रोक को हटा दिया गया। अब उन्हीं श्रेणी के बमों की बड़ी खेप इजराइल को देने की योजना सामने आई है।
एक बम का वजन करीब 900 किलो
प्रस्ताव में शामिल प्रत्येक बम का वजन 2,000 पाउंड यानी लगभग 900 किलो है। इन हथियारों के अलग-अलग मॉडल हैं और उनकी मारक क्षमता भी अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल की जा सकती है।
कुछ मॉडल जमीन के भीतर मौजूद ठिकानों को भेदने के लिए बनाए गए हैं, जबकि दूसरे बम जमीन के ऊपर विस्फोट कर बड़े क्षेत्र में नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखते हैं।
प्रस्तावित पैकेज में
- 20,000 Mk84 बम
- 20,000 BLU-117 बम
- कुल 40,000 बम
- प्रत्येक का वजन 2,000 पाउंड
- कुल प्रस्तावित पैकेज: 2.8 अरब डॉलर
गाजा में अमेरिकी बमों के इस्तेमाल का दावा
गाजा में हुए हमलों के वीडियो और घटनास्थलों से मिले बमों के टुकड़ों का विशेषज्ञों ने अध्ययन किया है। इन विश्लेषणों के आधार पर अमेरिकी निर्मित बमों के इस्तेमाल की बात सामने आई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, ऐसे हथियारों का इस्तेमाल हमास के सुरंग नेटवर्क को निशाना बनाने में हुआ है। घनी आबादी वाले इलाकों में हुए हमलों में नागरिकों की मौत भी दर्ज की गई है।
ट्रम्प प्रशासन पहले भी कर चुका है बड़ी हथियार डील
इजराइल के साथ ट्रम्प प्रशासन की यह पहली बड़ी हथियार योजना नहीं है। पिछले साल प्रशासन ने करीब 3 अरब डॉलर की हथियार बिक्री मंजूर की थी, जिसमें 35,500 से ज्यादा भारी बम शामिल थे।
इसके बाद जनवरी में इजराइल के लिए 6.67 अरब डॉलर की एक और हथियार बिक्री को मंजूरी दी गई।
7 अक्टूबर 2023 के हमले के बाद शुरू हुआ युद्ध
गाजा युद्ध की शुरुआत 7 अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में दक्षिणी इजराइल पर हुए हमले के बाद हुई। इस हमले में करीब 1,200 लोगों की मौत हुई और 251 लोगों को बंधक बनाया गया।
इसके बाद इजराइल ने गाजा में सैन्य अभियान शुरू किया। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजराइली अभियान में अब तक 73,264 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जिसमें संघर्षविराम के बाद हुई मौतें भी शामिल हैं।
संघर्षविराम के बावजूद गाजा में हिंसा जारी
अमेरिकी मध्यस्थता से गाजा में संघर्षविराम हुआ है, लेकिन हिंसा पूरी तरह थमी नहीं है। इजराइल की ओर से हमले जारी रहने की खबरें आती रही हैं।
इजराइल का कहना है कि उसके हमले संघर्षविराम के उल्लंघन और इजराइली सैनिकों पर हमलों के जवाब में किए जाते हैं। दूसरी तरफ, गाजा में जारी सैन्य कार्रवाई के कारण मानवीय नुकसान का मुद्दा लगातार अंतरराष्ट्रीय चर्चा में बना हुआ है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

