
अमेरिका में ईरान को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है। अमेरिकी सीनेट ने एक प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने की मांग की है। सीनेट में यह प्रस्ताव 50 के मुकाबले 48 वोटों से मंजूर हुआ। इससे पहले अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव भी इसे मंजूरी दे चुका है।
1973 के बाद पहली बार दोनों सदनों की ऐसी मांग
यह घटनाक्रम इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि 1973 के वॉर पॉवर्स एक्ट के बाद पहली बार अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों ने किसी राष्ट्रपति से युद्ध जैसी कार्रवाई समाप्त करने की मांग की है। सीनेट में मतदान के दौरान चार रिपब्लिकन सांसदों ने भी डेमोक्रेट्स का समर्थन किया। इससे ट्रम्प की पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आए हैं।
व्हाइट हाउस ने प्रस्ताव के असर को किया खारिज
व्हाइट हाउस का कहना है कि इस प्रस्ताव का कोई कानूनी प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रशासन ने यह भी कहा कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पहले ही खत्म की जा चुकी है, इसलिए प्रस्ताव का व्यावहारिक महत्व नहीं है।
खाड़ी देशों के दौरे पर पहुंचे मार्को रूबियो
उधर अमेरिकी विदेश मंत्री Marco Rubio संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और कुवैत के दौरे पर पहुंचे हैं। उनकी यात्रा का उद्देश्य अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर खाड़ी देशों की चिंताओं को दूर करना बताया गया है।
होर्मुज स्ट्रेट और मिसाइल कार्यक्रम को लेकर चिंता
खाड़ी देशों को आशंका है कि संभावित समझौते के बाद होर्मुज स्ट्रेट में ईरान का प्रभाव बढ़ सकता है। इसके अलावा प्रस्तावित समझौते में ईरान के मिसाइल कार्यक्रम पर स्पष्ट शर्तों का अभाव भी कई सवाल खड़े कर रहा है।
300 अरब डॉलर के संभावित फंड पर भी चर्चा
अमेरिका और ईरान के बीच जारी वार्ता में ईरान के पुनर्निर्माण के लिए 300 अरब डॉलर के संभावित फंड पर भी बातचीत चल रही है। यह माना जा रहा है कि इस योजना के लिए खाड़ी देशों से आर्थिक सहयोग मांगा जा सकता है। इसी वजह से वॉशिंगटन अपने सहयोगी देशों का समर्थन जुटाने में लगा है।
पाकिस्तान ने अमेरिका-ईरान वार्ता पर दिया नया संकेत
पाकिस्तान ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी स्तर की बातचीत अगले सप्ताह फिर शुरू हो सकती है। इस्लामाबाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Tahir Andrabi ने कहा कि उनके अनुमान के अनुसार वार्ता मंगलवार, 30 जून से दोबारा शुरू हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि सोमवार या बुधवार की तारीख पर भी बातचीत शुरू होने की संभावना बनी हुई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

