
लंदन। भारत ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज़ में की। एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर जीत दर्ज की। इस जीत में स्मृति मंधाना की शानदार बल्लेबाज़ी और दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाज़ी सबसे बड़ी वजह बनी।
मंधाना और हरमनप्रीत ने संभाली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 18 रन तक शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स पवेलियन लौट गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की। आगे की कहानी और भी खास रही। मंधाना ने सिर्फ 44 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं हरमनप्रीत ने 36 रन का अहम योगदान दिया।
ऋचा घोष ने आखिर में बदल दिया मैच का रंग
भारतीय टीम ने अंतिम दो ओवरों में जबरदस्त बल्लेबाज़ी करते हुए 38 रन जोड़ दिए। इसमें सबसे बड़ा योगदान ऋचा घोष का रहा। ऋचा ने केवल 17 गेंदों में 34 रन ठोक दिए और लगभग 200 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने 2-2 विकेट लिए, जबकि तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम को 1-1 सफलता मिली।
पाकिस्तान की तेज शुरुआत ज्यादा देर नहीं टिक सकी
171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने आक्रामक शुरुआत की। मुनीबा अली और गुल फिरोजा ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े। पावरप्ले में पाकिस्तान ने 52 रन बनाए, जो महिला टी-20 वर्ल्ड कप में उसका अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर रहा। हालांकि इसके बाद मैच पूरी तरह भारत की पकड़ में चला गया।
दीप्ति शर्मा ने पलट दिया पूरा मुकाबला
मुनीबा अली के रनआउट के बाद पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी पूरी तरह बिखर गई। दीप्ति शर्मा ने लगातार विकेट निकालकर मैच का रुख बदल दिया। दीप्ति ने 4 ओवर में केवल 10 रन देकर 5 विकेट झटके। श्री चरणी ने 3 विकेट लिए, जबकि शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला। पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
दीप्ति और हरमनप्रीत ने बनाए बड़े रिकॉर्ड
इस मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने नया मुकाम हासिल किया। 10 रन देकर 5 विकेट लेने के साथ वह महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ बन गईं। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर अब महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ बन गई हैं।
पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर भारत
इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपने खाते में 2 अंक जोड़ लिए। ग्रुप-ए में टीम इंडिया दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों के 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (+3.250) के कारण ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। भारत का नेट रन रेट +3.200 है।
मैच के 4 सबसे बड़े मोमेंट्स
1. लगातार 11वें भारत-पाकिस्तान मैच में नो हैंडशेक
टॉस के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीमों ने पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट मुकाबलों में नो-हैंडशेक का रुख बरकरार रखा है। पुरुष, महिला, जूनियर और सीनियर स्तर पर यह लगातार 11वां ऐसा मैच रहा।
2. शेफाली ने पहली ही गेंद पर लगाया छक्का
भारतीय पारी की पहली गेंद पर शेफाली वर्मा ने सादिया इकबाल की गेंद को सीधे सीमा रेखा के बाहर भेज दिया। हालांकि उसी ओवर में वह स्लिप में कैच देकर 6 रन बनाकर आउट हो गईं।
3. स्मृति मंधाना को मिला जीवनदान
भारत की पारी के 8वें ओवर में 27 रन के निजी स्कोर पर स्मृति मंधाना का आसान कैच आलिया रियाज से छूट गया। इसके बाद मंधाना ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए शानदार अर्धशतक जड़ दिया।
4. श्रेयंका पाटिल का शानदार डाइविंग कैच
पाकिस्तान की पारी के 15वें ओवर में श्रेयंका पाटिल ने बैकवर्ड पॉइंट पर दाईं ओर डाइव लगाकर रमीन शमीम का शानदार कैच पकड़ा। यह मुकाबले के सबसे बेहतरीन फील्डिंग मोमेंट्स में शामिल रहा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

