
मुंबई। टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मैच में आखिरी ओवर तक जीत-हार का फैसला टलता रहा, लेकिन भारतीय टीम ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है। इससे पहले टीम 2007, 2014 और 2024 में भी खिताबी मुकाबले तक पहुंच चुकी है।
संजू सैमसन की दमदार पारी से भारत का बड़ा स्कोर
टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बनाते हुए बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। इस पारी की सबसे बड़ी झलक संजू सैमसन की 89 रन की शानदार बल्लेबाजी रही। संजू सैमसन मैन ऑफ द मैच रहे।
भारत के लिए प्रमुख योगदान:
संजू सैमसन – 89 रन
शिवम दुबे – 43 रन
ईशान किशन – 39 रन
हार्दिक पंड्या – 27 रन
तिलक वर्मा – 21 रन
इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जॉफ्रा आर्चर को एक सफलता मिली।
जैकब बेथेल की सेंचुरी, लेकिन टीम को नहीं दिला सके जीत
254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी जोरदार बल्लेबाजी की। इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने शानदार शतक लगाते हुए 48 गेंदों में 105 रन बनाए और मैच को आखिरी ओवर तक रोमांचक बनाए रखा। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।
आखिरी ओवर में हाई वोल्टेज ड्रामा
मैच का सबसे रोमांचक पल अंतिम ओवर में देखने को मिला। इंग्लैंड को जीत के लिए 6 गेंदों में 30 रन चाहिए थे और गेंदबाजी की जिम्मेदारी शिवम दुबे के हाथों में थी। पहली गेंद पर बेथेल ने दो रन लेकर स्ट्राइक बदलने की कोशिश की। हार्दिक पंड्या के सटीक थ्रो पर विकेटकीपर संजू सैमसन ने उन्हें रनआउट कर दिया। इसके बाद जॉफ्रा आर्चर ने लगातार तीन छक्के लगाकर मैच को फिर रोमांचक बना दिया, लेकिन इंग्लैंड लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गई।
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
इस मैच में भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर (253 रन) बनाया। भारत का सर्वोच्च स्कोर 256 रन (जिम्बाब्वे के खिलाफ, इसी वर्ल्ड कप में)। ओवरऑल टी-20 वर्ल्ड कप में यह चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका (260 रन, केन्या के खिलाफ, 2007) के नाम दर्ज है।
अब फाइनल में न्यूजीलैंड से टक्कर
भारत अब 8 मार्च को फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम की कोशिश लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने की होगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

