
भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरा टी-20 मुकाबला 35 रन से जीतकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। हरारे में खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार 49 गेंदों में 81 रन की पारी खेली और मैच के साथ पूरी सीरीज के सबसे बड़े स्टार साबित हुए।
सीरीज में कुल 151 रन बनाने वाले सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इस उपलब्धि के साथ 15 साल 121 दिन की उम्र में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में यह पुरस्कार जीतने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
वैभव सूर्यवंशी ने लगातार बनाए नए कीर्तिमान
हरारे में खेली गई उनकी विस्फोटक पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। इसके साथ ही वे इंटरनेशनल क्रिकेट में यह सम्मान पाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बन गए। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। सचिन ने 17 साल 112 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था।
प्लेयर ऑफ द सीरीज में भी बना विश्व रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 121 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतकर अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान का रिकॉर्ड तोड़ा। मुजीब ने यह उपलब्धि 16 साल 328 दिन की उम्र में हासिल की थी।
इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरी फिफ्टी
सूर्यवंशी ने अपने करियर की दूसरी इंटरनेशनल फिफ्टी लगाई। इसके साथ ही 16 साल की उम्र से पहले सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस सूची में नेपाल के कुशल मल्ला दूसरे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 16 साल की उम्र से पहले एक बार 50+ स्कोर बनाया था।
इस साल टी-20 में 86 छक्के
वैभव सूर्यवंशी इस साल सभी टी-20 मुकाबलों में 86 छक्के लगा चुके हैं। इस प्रदर्शन के साथ वे एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टी-20 छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
अभिषेक शर्मा (2025) – 108 छक्के
वैभव सूर्यवंशी (2026) – 86 छक्के
कम से कम 100 टी-20 छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों में सूर्यवंशी का सिक्स हिट करने का औसत सबसे बेहतर है। वे औसतन हर 5.21 गेंद पर एक छक्का लगाते हैं।
अभिषेक शर्मा के नाम अनचाहा रिकॉर्ड
भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा इस पूरी सीरीज में सिर्फ 11 रन ही बना सके। इसके साथ वे तीन मैचों की टी-20 सीरीज में सबसे कम रन बनाने वाले भारतीय ओपनर बन गए। उन्होंने शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 19 रन बनाए थे।
मयंक यादव ने भुवनेश्वर की बराबरी की
तेज गेंदबाज मयंक यादव ने तीसरी बार टी-20 इंटरनेशनल में पारी की पहली गेंद पर विकेट हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब दोनों भारतीय गेंदबाज टी-20 इंटरनेशनल में 3-3 बार पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

