
भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स के चौथे दिन भारत के खाते में सिल्वर मेडल जोड़ा। महिलाओं की 49 किलोग्राम कैटेगरी में उन्होंने कुल 198 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया।
बुधवार को भारत ने कुल 4 मेडल जीते। इनमें मीराबाई का सिल्वर, शूटिंग के विमेंस और मेंस स्कीट टीम इवेंट के दो ब्रॉन्ज तथा सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा का ब्रॉन्ज शामिल है।
मीराबाई ने 198 किलो वजन उठाया
मीराबाई चानू ने स्नैच में 87 किलो और क्लीन एंड जर्क में 111 किलो का प्रदर्शन किया। दोनों मिलाकर उनका कुल स्कोर 198 किलो रहा, जिससे उन्हें सिल्वर मेडल मिला।
शूटिंग में भारत को दो ब्रॉन्ज
शॉटगन शूटिंग के विमेंस स्कीट टीम इवेंट में रायजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की टीम ने 331 अंक हासिल किए और तीसरे स्थान पर रहते हुए ब्रॉन्ज जीता।
मेंस स्कीट टीम इवेंट में अनंतजीत सिंह नारुका, मैराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल की टीम ने शूट-ऑफ में कजाकिस्तान को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में जीता कांस्य
भारत के लिए चौथा मेडल सॉफ्ट टेनिस से आया। जय मीणा ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
मनु भाकर मेडल से चूकीं
महिलाओं के 10 मीटर पिस्टल इवेंट में मनु भाकर 5वें स्थान पर रहीं। फाइनल में उन्होंने 181.1 अंक हासिल किए। टीम इवेंट में भारत और वियतनाम के अंक बराबर रहे, लेकिन भारतीय टीम कांस्य पदक हासिल नहीं कर सकी।
बराबर अंक, लेकिन परफेक्ट-10 ने बदला फैसला
मनु भाकर, ईशा और सुरुचि ने टीम इवेंट में कुल 1719 अंक जुटाए। वियतनाम की टीम का स्कोर भी इतना ही था। टाई होने पर ज्यादा परफेक्ट 10 के आधार पर फैसला हुआ। वियतनाम के निशानेबाजों ने 46 परफेक्ट 10 लगाए, जबकि भारत के खाते में 44 रहे। टीम इवेंट में चीन ने 1735 अंक के साथ गोल्ड और साउथ कोरिया ने 1730 अंक के साथ सिल्वर जीता।
मेडल टैली में भारत 8वें नंबर पर
भारत के खाते में अब 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज, यानी कुल 10 मेडल हैं। भारत मेडल टैली में 8वें स्थान पर है। चीन 36 गोल्ड समेत 60 मेडल के साथ पहले नंबर पर है। जापान 11 गोल्ड के साथ दूसरे स्थान पर है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

