
वनडे क्रिकेट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 5000 मैच पूरे करने वाला पहला फॉर्मेट बनने की उपलब्धि हासिल कर ली है। यह ऐतिहासिक मुकाबला स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच खेला गया, जिसमें स्कॉटलैंड ने 9 रन से जीत दर्ज की। 1971 में शुरू हुआ वनडे अब 55 साल का सफर पूरा कर चुका है। इस दौरान 29 देशों ने वनडे खेले और इसी फॉर्मेट ने क्रिकेट वर्ल्ड कप को जन्म दिया। भारत भी इसी प्रारूप में पहली बार विश्व चैंपियन बना।
टेस्ट से पहले शुरू हुआ वनडे का लंबा सफर
क्रिकेट का सबसे पुराना अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट टेस्ट है। पहला टेस्ट मुकाबला 1877 में खेला गया था और अब तक 2629 टेस्ट मैच हो चुके हैं। वनडे की शुरुआत टेस्ट क्रिकेट के 94 साल बाद 1971 में हुई। दूसरी तरफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आरंभ 2004 में हुआ।
जीत के मामले में ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे
वनडे में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने वाली टीम ऑस्ट्रेलिया है। भारत ने 1081 वनडे में 575 जीत दर्ज की हैं।
आंकड़ों में शीर्ष टीमें:
ऑस्ट्रेलिया: 1025 मैच, 619 जीत
भारत: 1081 मैच, 575 जीत
पाकिस्तान: 1002 मैच, 529 जीत
मैच खेलने के मामले में ऑस्ट्रेलिया भारत के बाद दूसरे स्थान पर है।
विदेश में पाकिस्तान की जीत भारत से ज्यादा
घरेलू मैदान पर वनडे जीतने के मामले में ऑस्ट्रेलिया और भारत शीर्ष पर हैं। ऑस्ट्रेलिया ने घर में 298, जबकि भारत ने 235 मैच जीते हैं। विदेशी मैदानों का रिकॉर्ड देखें तो पाकिस्तान भारत से आगे है।
पाकिस्तान: 395 विदेशी जीत
भारत: 340 विदेशी जीत
वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
वनडे वर्ल्ड कप के अब तक 13 संस्करण खेले जा चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा 6 बार ट्रॉफी अपने नाम की है। भारत और वेस्टइंडीज दोनों ने 2-2 बार विश्व कप जीता है।
सचिन के नाम सबसे ज्यादा वनडे मैच
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा 463 मैच खेले हैं। सबसे ज्यादा वनडे खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में श्रीलंका के 4, पाकिस्तान के 3, भारत के 2 और ऑस्ट्रेलिया के 1 खिलाड़ी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में चार भारतीय
वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों में भारत के 4 खिलाड़ी हैं। क्रम में सचिन तेंदुलकर पहले, विराट कोहली दूसरे, रोहित शर्मा तीसरे और सौरव गांगुली चौथे स्थान पर हैं।
शतकों के रिकॉर्ड में कोहली सबसे आगे
वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने 54 शतक लगाए हैं।
इसके बाद:
सचिन तेंदुलकर — 49 शतक
रोहित शर्मा — 34 शतक
रिकी पोंटिंग — 30 शतक
मुरलीधरन की गेंदबाजी का बड़ा रिकॉर्ड
श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 350 मैचों में 534 विकेट हासिल किए। एक पारी में सबसे ज्यादा बार 5 या उससे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के वकार यूनुस के नाम है। उन्होंने 13 बार यह उपलब्धि हासिल की।
पोंटिंग ने सबसे ज्यादा वनडे में कप्तानी की
ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग वनडे में कप्तानी के मामले में सबसे आगे हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर 230 मैच खेले। उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 165 वनडे जीते, जो इस रिकॉर्ड में सबसे ज्यादा हैं।
रोहित के नाम 264 रन की ऐतिहासिक पारी
वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ 264 रन बनाए थे। रोहित वनडे में 3 दोहरे शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उनके नाम सबसे ज्यादा 369 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी है।
प्लेयर ऑफ द मैच से स्टंपिंग तक बड़े रिकॉर्ड
वनडे के व्यक्तिगत रिकॉर्ड में सचिन तेंदुलकर का नाम एक और बड़ी उपलब्धि के साथ दर्ज है। उन्होंने सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज खिताब जीते हैं। विकेटकीपिंग में महेंद्र सिंह धोनी सबसे आगे हैं। उन्होंने वनडे में 123 स्टंपिंग की हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

