
हैदराबाद। IPL 2026 में शुक्रवार को एक बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा, जहां डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच सिर्फ जीत का नहीं, बल्कि पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में जगह पक्की करने की लड़ाई भी है। ऐसे में मुकाबला हाई-वोल्टेज होने की पूरी उम्मीद है।
जीत से RCB की नंबर-1 पोजीशन पक्की
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फिलहाल 18 पॉइंट्स और +1.065 के शानदार नेट रन रेट के साथ टेबल टॉपर है। अगर टीम आज जीत दर्ज करती है, तो उसकी नंबर-1 पोजीशन लगभग तय हो जाएगी। टॉप-2 में फिनिश करने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिलेंगे। यही वजह है कि RCB इस मैच को किसी भी हालत में जीतना चाहेगी।
SRH को चाहिए बड़ी जीत
सनराइजर्स हैदराबाद के पास भी टॉप-2 में पहुंचने का मौका मौजूद है। टीम के 13 मैचों में 16 पॉइंट्स हैं, लेकिन नेट रन रेट कम होने के कारण वह तीसरे स्थान पर है। हैदराबाद का नेट रन रेट +0.350 है, जबकि गुजरात टाइटंस का +0.400। ऐसे में SRH को सिर्फ जीत नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत की जरूरत होगी।
विस्फोटक बल्लेबाजी SRH की सबसे बड़ी ताकत
अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाजों की मौजूदगी में सनराइजर्स के पास टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक बैटिंग लाइन-अप मानी जा रही है। हेनरिक क्लासेन इस सीजन में 155.80 की स्ट्राइक रेट से 555 रन बना चुके हैं। हालांकि टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बल्लेबाजों की इनकंसिस्टेंसी रही है, जिसने कई अहम मुकाबलों में नुकसान पहुंचाया।
पैट कमिंस और ईशान मलिंगा पर नजर
कप्तान पैट कमिंस की वापसी ने SRH की गेंदबाजी को मजबूती दी है। उनकी कप्तानी में टीम का संतुलन बेहतर नजर आया है। वहीं श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा इस सीजन में SRH की बड़ी खोज साबित हुए हैं। उन्होंने अब तक 17 विकेट लिए हैं और दबाव में शानदार गेंदबाजी की है।
विराट और भुवनेश्वर RCB की ताकत
RCB की सफलता में विराट कोहली का बड़ा योगदान रहा है। विराट ने इस सीजन 13 मैचों में 542 रन बनाए हैं और टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी ने विरोधी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाया है। भुवनेश्वर इस सीजन में 24 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं।
बल्लेबाजों के लिए मददगार होगी पिच
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है। सपाट विकेट और छोटी बाउंड्री के कारण यहां अक्सर बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। हालांकि मैच के बीच के ओवरों में स्पिनर्स भी असर छोड़ सकते हैं। ऐसे में दोनों टीमों की रणनीति में स्पिन अहम भूमिका निभा सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, जितेश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, जोश हेजलवुड, जैकब डफी।
सनराइजर्स हैदराबाद
पैट कमिंस (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

