
भोपाल। राजधानी के नेहरू नगर स्थित पुलिस ग्राउंड में गुरुवार को 5वें मीडिया स्पोर्ट्स कार्निवल नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स टूर्नामेंट का हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला, जहां उद्घाटन मैच में डिजिआना ने मीडिया इलेवन को टी-20 मुकाबले में एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से मात दी। इस स्पोर्ट्स कार्निवल का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार मृगेंद्र सिंह, बीडीसीए के सचिव शांति जैन, पूर्व शतरंज खिलाड़ी शंकर मूर्ति और एएसआई योगेंद्र सिंह की मौजूदगी में हुआ।

मीडिया इलेवन की कमजोर बल्लेबाजी: सिर्फ 82 रनों पर ढेर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मीडिया इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 20 ओवर के मैच में केवल 15.5 ओवर में अपने सभी विकेट गंवाकर महज 82 रन बनाए। मनोज मनवानी ने पहले ओवर में ही निखिल शुक्ला को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद मनोज ने ही धाकड़ बल्लेबाज विवेक साध्य को भी सिर्फ 6 रन के निजी स्कोर पर चलता कर दिया। मीडिया इलेवन के लिए केवल रोहिताश मिश्रा (22 रन, 29 गेंद) और राहुल तवर (20 रन, 11 गेंद) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।
मनोज की घातक गेंदबाजी: 5 विकेट चटकाए
डिजिआना की ओर से मनोज मनवानी का प्रदर्शन लाजवाब रहा। उन्होंने 3.5 ओवर में मात्र 12 रन देकर 5 विकेट झटके। उनकी कसी हुई गेंदबाजी (3.13 की इकोनॉमी) ने मीडिया इलेवन की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। डिजिआना की ओर से राजा अहिरवार ने 2 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि श्रीकांत उपासे ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाया।
अजय यादव का विस्फोटक अर्धशतक: 31 गेंदों में 54 रन
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिजिआना की टीम ने महज 8.5 ओवर में 1 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान अजय यादव (नाबाद 54 रन, 31 गेंद) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 11 चौके जमाए। अजय यादव के साथ गौरव विश्वकर्मा (नाबाद 18 रन, 16 गेंद) ने संयमित बल्लेबाजी की। पहले विकेट के लिए अजय यादव और हितेश सिंह (10 रन, 6 गेंद) ने 17 रन जोड़े। हितेश रन आउट हो गए, लेकिन इसके बाद अजय और गौरव ने टीम को आसान जीत दिलाई।

मैन ऑफ द मैच बने मनोज मनवानी
शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए मनोज मनवानी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनकी धारदार गेंदबाजी ने मैच का रुख शुरुआत से ही डिजिआना के पक्ष में कर दिया था।
.jpg)
इस जीत के साथ डिजिआना ने टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए हैं और बाकी टीमों को एक कड़ा संदेश दिया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

