शुक्रवार, 13 मार्च 2026
Logo
Sports
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक मैच पर नया मोड़, खेलने को तैयार पाकिस्तान; रखीं तीन बड़ी शर्तें
09 फ़र, 2026 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक मैच पर नया मोड़, खेलने को तैयार पाकिस्तान; रखीं तीन बड़ी शर्तें

टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक मैच पर नया मोड़, खेलने को तैयार पाकिस्तान; रखीं तीन बड़ी शर्तें

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। पहले मैच से इनकार करने वाला पाकिस्तान अब खेलने के लिए तैयार बताया जा रहा है, लेकिन इसके बदले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी के सामने तीन अहम शर्तें रख दी हैं।


पहले किया था मैच से इनकार

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक मुकाबले को लेकर पहले पाकिस्तान की ओर से खेलने से इनकार की खबरें सामने आई थीं। इससे टूर्नामेंट के सबसे बड़े मैच पर अनिश्चितता छा गई थी। हालांकि अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रुख नरम किया है और बातचीत के बाद मैच खेलने पर सहमति जताई है।


PCB ने रखीं तीन अहम शर्तें

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने आईसीसी के साथ बैठक में तीन मांगें रखीं हैं।


पहली शर्त:

पीसीबी ने आईसीसी से ज्यादा रेवेन्यू शेयर की मांग की है, यानी टूर्नामेंट से मिलने वाली कमाई में पाकिस्तान को अधिक हिस्सा मिले।


दूसरी शर्त:

पाकिस्तान ने भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज फिर से शुरू करने की मांग रखी है। दोनों देशों के बीच आखिरी बाईलेटरल सीरीज 2012 में खेली गई थी। इसके बाद राजनीतिक तनाव के चलते दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी और एशिया कप जैसे टूर्नामेंट में ही आमने-सामने होती हैं।


तीसरी शर्त:

पीसीबी ने यह भी कहा है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं, ताकि मैदान पर खेल भावना का माहौल दिखे।


एशिया कप में नहीं मिलाया था हाथ

पिछले साल एशिया कप 2025 के दौरान दोनों देशों के बीच तनाव खुलकर मैदान पर भी दिखाई दिया था। पहलगाम आतंकी हमले के बाद माहौल गरमाया हुआ था, जिसके चलते भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। इतना ही नहीं, भारतीय टीम ने जीत के बाद ट्रॉफी भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष से लेने से इनकार कर दिया था। इसी पृष्ठभूमि में अब पीसीबी ने आईसीसी के सामने यह शर्त रखी है।


क्या मानेगा भारत?

विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान की सभी शर्तें मानना भारत के लिए आसान नहीं होगा, खासकर द्विपक्षीय सीरीज शुरू करने की मांग को लेकर। ऐसे में अब नजर आईसीसी की मध्यस्थता और दोनों बोर्डों की अगली बातचीत पर टिकी है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें