
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टी20 सीरीज में 2-1 की धमाकेदार जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम अब अपने अगले मिशन पर निकलने को तैयार है। अगली चुनौती होगी साउथ अफ्रीका, और इस बार मैदान भारत का होगा।
विराट कोहली और रोहित शर्मा 35 दिन के ब्रेक के बाद फिर से मैदान में दिखाई देंगे, वहीं टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की शानदार वापसी हो रही है।
टेस्ट सीरीज से होगी शुरुआत
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। टेस्ट सीरीज का पहला मैच 14 नवंबर से दिल्ली में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी में होगा। टेस्ट टीम में पंत की वापसी से फैंस का उत्साह चरम पर है। इंग्लैंड दौरे पर चोटिल होने के बाद वे पहली बार टीम में शामिल हुए हैं। उनकी गैरहाज़िरी में ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली थी।
ऋषभ पंत की वापसी ने बढ़ाया रोमांच
पंत के रिटर्न के साथ टीम इंडिया की ताकत दोगुनी मानी जा रही है। कोचिंग स्टाफ का मानना है कि उनकी मौजूदगी टीम की मानसिक मजबूती और मिडिल ऑर्डर दोनों को मजबूत करेगी। वहीं, टेस्ट सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के लिहाज से बेहद अहम है, क्योंकि साउथ अफ्रीका मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन है।
भारतीय टेस्ट टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पड्डिक्कल, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप।
35 दिन बाद वापसी करेंगे रोहित-कोहली
वनडे सीरीज के पहले मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली 35 दिन बाद टीम में लौटते नज़र आएंगे। दोनों खिलाड़ियों ने पहले ही टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास लिया है और फिलहाल सिर्फ वनडे में ही सक्रिय हैं। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा रहा प्रदर्शन
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज में रोहित और कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा। विराट कोहली ने तीसरे मैच में 74 रनों की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 121 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता।
साउथ अफ्रीका सीरीज का पूरा शेड्यूल
टेस्ट सीरीज:
पहला मैच: 14-18 नवंबर, दिल्ली
दूसरा मैच: 22-26 नवंबर, गुवाहाटी
वनडे सीरीज:
पहला मैच: 30 नवंबर, रांची
दूसरा मैच: 3 दिसंबर, रायपुर
तीसरा मैच: 6 दिसंबर, विशाखापत्तनम
टी20 सीरीज:
पहला मैच: 9 दिसंबर, कटक
दूसरा मैच: 11 दिसंबर, चंडीगढ़
तीसरा मैच: 14 दिसंबर, धर्मशाला
चौथा मैच: 17 दिसंबर, लखनऊ
पांचवां मैच: 19 दिसंबर, अहमदाबाद
भारत की यह सीरीज न सिर्फ घरेलू परिस्थितियों में टीम की ताकत परखने का मौका देगी, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी के लिहाज से भी अहम साबित होगी। ऋषभ पंत की वापसी और कोहली-रोहित की मौजूदगी ने सीरीज को और रोमांचक बना दिया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

