शुक्रवार, 13 मार्च 2026
Logo
Sports
Asia Cup Ind V/s Pak : पाकिस्तान से वर्ल्ड कप का बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया
अभी-अभी 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
Asia Cup Ind V/s Pak : पाकिस्तान से वर्ल्ड कप का बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया

Asia Cup Ind V/s Pak : पाकिस्तान से वर्ल्ड कप का बदला लेने उतरेगी टीम इंडिया

N
डेस्क रिपोर्टर

दुबई, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। एशिया कप का आगाज शनिवार को श्रीलंका अफगानिस्तान मुकाबले के साथ हो चुका है, लेकिन ज्यादातर क्रिकेट फैंस के लिए टूर्नामेंट की असली शुरुआत आज रविवार को शाम 7:30 बजे से होगी। आज फाइनल से पहले फाइनल जैसा मैच होगा। यानी भारत और पाकिस्तान के बीच में महामुकाबला। 


टूर्नामेंट में इसके बाद भी दोनों टीमों की भिड़ंत होगी, लेकिन पहले मैच में रोमांच चरम पर होगा। करीब 10 महीने बाद दोनों टीमें इंटरनेशल क्रिकेट में आमने-सामने हो रही है। इससे पहले इनके बीच आखिरी मुकाबला 24 अक्टूबर 2021 को T20 वर्ल्ड कप में हुआ था। जिसमें पाकिस्तान की टीम ने भारत को 10 विकेट से हराया था। भारत उस दर्द को भुला नहीं है। रोहित शर्मा विराट कोहली पिछले एक दशक से सीमित ओवर के क्रिकेट में भारतीय टीम के महत्वपूर्ण सदस्य है, लेकिन उन्हें 10 महीने पहले इसी मैदान पर t20 विश्व कप के दौरान पाकिस्तान से हार का करारा झटका सहना पड़ा था। भारत के यह दोनों अनुभवी बल्लेबाज अब कहानी बदलने के लिए पूरी तरह से बेताब होंगे। रोहित जहां अपने अतिरिक्त आक्रामक बल्लेबाजी रवैया को अपने प्रतिद्वंदी के खिलाफ नए आयाम देना चाहेंगे, वही कोहली के लिए यह मुश्किल दौर से उबर कर फॉर्म में वापसी करने का उपयुक्त मंच होगा। भारतीय टीम का इससे भी बड़ा लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया में होने वाली टी-20 विश्व कप के लिए अपनी टीम को अंतिम रूप देना होगा।


भारत की ताकत

बल्लेबाजी भारतीय टीम का सबसे मजबूत पहलू है। इस टीम की गेंदबाजी और फील्डिंग भी लाजवाब है। इसी वजह से भारत को खिताब जीतने का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा तेज शुरूआत देते हैं और सूर्यकुमार यादव के साथ हार्दिक पांड्या मध्यम क्रम में कमाल करते हैं। दिनेश कार्तिक सही तरीके से मैच खत्म कर रहे हैं। टीम के स्पिन गेंदबाज भी कमाल के हैं और दुबई की धीमी पिचों पर फायदा उठा सकते हैं।


भारत की कमजोरी

जसप्रीत बुमराह और हषर्ल पटेल के बाहर होने के बाद भारत की तेज गेंदबाजी कमजोर पहलू बन गई है। भुवनेश्वर कुमार एकमात्र अनुभवी तेज गेंदबाज है। अर्शदीप और आवेश खान का प्रदर्शन भी शानदार रहा है, लेकिन दोनों के पास अनुभव की कमी है। ऐसे में ये गेंदबाज बड़े मैच में दबाव में आ सकते हैं। लक्ष्य का बचाव करने में भारत को परेशानी हो सकती है।


पाकिस्तान की ताकत

पाकिस्तान के लिए भी बल्लेबाजी सबसे मजबूत पहलू है। टीम के कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पारी की शुरुआत करते हैं और यही दोनों टीम के सबसे अहम बल्लेबाज है। निचले क्रम में हैदर अली और आसिफ अली भी बड़े छक्के लगाने में माहिर है। और अक्सर आखरी के ओवर में यह दोनों तेजी से रन बनाकर पाकिस्तान को बड़े स्कोर पर पहुंचाते हैं।


पाकिस्तान की कमजोरी

पाकिस्तानी के सबसे अहम गेंदबाज शाहीन अफरीदी के चोटिल होने के बाद पाकिस्तान की तेज गेंदबाजी भी कमजोर हुई है। इनमें भी शादाब खान के अलावा कोई बड़ा नाम नहीं है। ऐसे में पाकिस्तान की टीम भी लक्ष्य का बचाव करने में दबाव में आ सकती है। पाकिस्तान के पास शुरुआती ओवर में विकेट लेने वाले गेंदबाज भी नहीं है।


इनके बीच होगी कड़ी टक्कर

रोहित शर्मा बनाम हसन अली

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को पाकिस्तान हमेशा ही पसंद आता है। हिटमैन ने 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतक जड़ते हुए मैच एकतरफा कर दिया था। उस समय भी व टीम के कप्तान थे। इस बार भी उनसे वैसी ही उम्मीद है। मोहम्मद वसीम जूनियर की जगह टीम में शामिल हुए हसन अली को लेकर सभी सवाल उठा रहे थे। बाबर आजम चाहेंगे कि व रोहित शर्मा को आउट कर खुद को साबित करें।।


विराट कोहली बनाम हारिस रऊफ

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली को लेकर भले ही कहा जा रहा है कि वह फार्म में नहीं है, इसके बावजूद एक बात हर किसी को पता है कि, पाकिस्तान के खिलाफ किंग कोहली रनों की बौछार के लिए जान लगा देंगे। बाबर आजम कोहली को रोकने के लिए अपने सबसे प्रमुख हथियार हारिस रऊफ को जरूर आजमाएंगे। अनुभवी गेंदबाज अपने रफ्तार भरी तीखी गेंद के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अभी तक विराट कोहली को T20 इंटरनेशनल में आउट नहीं कर पाए हैं।


सूर्यकुमार बना मोहम्मद नवाज

360 डिग्री बैटिंग के माहिर सूर्यकुमार यादव गजब के फॉर्म में है और ओपनिंग से लेकर मिडिल ऑर्डर तक में खुद को साबित किया है। यहां वैसे ही करिश्मे की उम्मीद है। मोहम्मद नवाज शाहीन अफरीदी की गैरमौजूदगी में पाकिस्तान के लिए अहम भूमिका में होंगे। इसमें कोई शक नहीं कि अगर यह दोनों खिलाड़ी मैदान पर आमने-सामने होते हैं तो गेंद और बल्ले में गजब की टक्कर होगी।


भुवनेश्वर कुमार बनाम बाबर आजम

भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर अपनी लहराती बलखाती स्विंग से विपक्षी टीम के ताकतवर बल्लेबाज का शिकार कर रहे हैं। इस मैच में इंडियन फैंस को उम्मीद होगी कि वह बाबर आजम का शिकार करें। दूसरी और ओपनिंग में उतरने वाले बाबर आजम पहली गेंद से ही भुवि पर हावी होने की कोशिश करेंगे।


अर्शदीप बनाम रिजवान

टीम इंडिया के युवा सनसनी अर्शदीप सिंह पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार उतर सकते हैं। अगर वो उतरते हैं तो उनकी भिड़ंत बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे धाकड़ बल्लेबाजों से होगी। रिजवान ने T20 वर्ल्ड कप में ओपनिंग बैटिंग का लोहा मनवाया था, लेकिन बाएं हाथ का पेसर भी कम नहीं है। सूरमा बल्लेबाजों से भरे आईपीएल में जलकर वो कुंदन बना है।


चहल बनाम फखर

फखर ज़मान कि यूं तो चर्चा बहुत नहीं हो रही, लेकिन उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत के खिलाफ कमाल की बैटिंग की थी। यहां भी अपना सिक्का चलाना चाहेंगे। हालांकि उन्हें निपटाने के लिए भारत के पास यजुवेंद्र चहल है। मिडल ऑर्डर के धाकड़ बल्लेबाज को चहल अपनी उंगलियों पर नचाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे।


लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती

2008 से अब तक दोनों टीम 8 बार आमने-सामने हो चुकी है। हर बार जिस टीम ने लक्ष्य का पीछा किया वही विजेता बनी। इसमें भारत ने 6 और पाकिस्तान ने 2 बार लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की है।


अब तक फाइनल में नहीं भिड़े भारत-पाकिस्तान

एशिया कप में भारत और पाकिस्तान एक बार भी फाइनल में नहीं खेले हैं। भारत ने कुल 10 फाइनल खेले हैं। इसमें आठ खिताबी मुकाबला श्रीलंका से हुए। भारत ने पांच तो श्रीलंका ने 3 बार जीत दर्ज की। वहीं पिछले दो फाइनल भारत और बांग्लादेश के बीच हुए हैं। इसमें भारत दोनों बार विजेता बना। उम्मीद है इस बार दोनों फाइनल में भिड़ेंगे।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें