N
डेस्क रिपोर्टर
भोपाल, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। निर्भीकता के साथ लड़कों के बीच गोलकीपर की प्रेक्टिस कर देश की जूनियर टीम में जगह बनाने वाली भोपाल की खुशबू खान दक्षिण अफ्रीका में होने जा रहे जूनियर महिला हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम की गोलकीपर होगी। क्रिकेट और बैडमिंटन खेलने की चाह रखने वाली खुशबू को समय ने हॉकी के मैदान पर पहुंचा दिया। शायद समय को यही मंजूर था कि वह हॉकी खेले, जिसमें वो अपने माता-पिता, शहर, प्रदेश और देश का नाम ऊंचा कर सके।
अंजुम ने हॉकी खेलने के लिए प्रेरित किया
मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्त अंजुम ने खुशबू को हॉकी खेल के लिए प्रोत्साहित किया और उसकी मदद भी की। यहां से वह प्रतिदिन पुलिस मैदान पर जाकर हॉकी खेलने लगी। खुशबू का कहना है की, अशोक ध्यानचंद और पूर्व ओलंपियन जलालुद्दीन की मदद से वह आज इस मुकाम तक पहुंची है।
पिता है ऑटो चालक
खुशबू के पिता शब्बीर खान एक ऑटो चालक हैं और मां का नाम मुमताज है। पांच भाई बहनों में तीसरे नंबर की खुशबू शुरू से ही अति महत्वाकांक्षी थी। धीरे-धीरे वह हॉकी के माध्यम से आगे बढ़ने लगी। अब खुशबू जूनियर महिला विश्व कप खेलने दक्षिण अफ्रीका जा रही है। माता-पिता खुशबू एक ओर जहां दुआएं दे रहे है वहीं इशारतन यह भी कहते हैं की आने वाले समय में खुशबू घर के हालात बदल देगी। इंटरमीडिएट की छात्रा खुशबू इन दिनों इंडिया कैंप में बंगलुरु में हैं। खुशबू पांच भाई बहनों में तीसरे नंबर की है दो बहनें उससे बड़ी हैं और दो भाई उससे छोटे हैं।
पूर्व खिलाड़ियों ने की खुश्बू की तारीफ
पूर्व ओलंपियन अशोक ध्यानचंद ने कहा कि खुशबू में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, वह खूब आगे जाएगी। वहीं पूर्व ओलंपियन और अर्जुन एवार्डी सैयद जलालुद्दीन रिजवी ने कहा, ये तो अभी उसकी शुरुआत है। उसकी प्रतिभा और मेहनत करने की ललक बताती है उसे सफलताओं की पगडंडी पर लंबी दूरी तय करनी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

