शनिवार, 14 मार्च 2026
Logo
Sports
CWC 2023 : भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व कप अभियान का विजयी आगाज किया, राहुल और कोहली ने जड़ी फिफ्टी
अभी-अभी 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
CWC 2023 : भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व कप अभियान का विजयी आगाज किया, राहुल और कोहली ने जड़ी फिफ्टी

CWC 2023 : भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व कप अभियान का विजयी आगाज किया, राहुल और कोहली ने जड़ी फिफ्टी

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

चेन्नई। भारतीय टीम ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 का शानदार अंदाज में आगाज किया है। उसने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराते हुए दमदार जीत दर्ज की। पहले गेंदबाजों ने जबरदस्त गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को 199 रनों पर समेट दिया। रविंद्र जडेजा ने 3, कुलदीप और बुमराह ने 2-2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को 2 रनों पर 3 झटके लग गए थे। इसके बाद केएल राहुल (97*) और विराट कोहली (85) ने हाफ सेंचुरी जड़ते हुए टीम इंडिया को जीत दिला दी।


भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर अपने विश्व कप अभियान का विजयी आगाज किया है। इस मैच में भारत की जीत के हीरो लोकेश राहुल और विराट कोहली रहे। हालांकि, दोनों बल्लेबाज शतक से चूक गए। इस मैच में जीत के साथ ही भारत ने दो अहम अंक हासिल कर लिए हैं। अंक तालिका में टीम इंडिया पांचवें स्थान पर आ गई है। भारत का अगला मैच 11 अक्तूबर को अफगानिस्तान के साथ होगा।


इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बुमराह ने अपने दूसरे ही ओवर में मिचेल मार्श को आउट कर दिया। वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद स्मिथ और वॉर्नर ने 69 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला, लेकिन कुलदीप ने वॉर्नर को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। वॉर्नर ने 41 रन बनाए। स्मिथ और लाबुशेन ने 36 रन जोड़े, लेकिन जडेजा ने स्मिथ को 46 और लाबुशेन को 27 के स्कोर पर आउट किया। उन्होंने एलेक्स कैरी को खाता तक नहीं खोलने दिया और 119 रन पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई। कुलदीप ने मैक्सवेल को 15 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। जल्द ही ग्रीन भी आठ रन के स्कोर पर अश्विन का शिकार बन गए। कमिंस 15 और जैंपा छह रन बनाकर आउट हुए। अंत में मिचेल स्टार्क ने 28 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 199 रन तक पहुंचाया। भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह को दो-दो विकेट मिले। सिराज, हार्दिक और अश्विन ने एक-एक विकेट लिया।


200 रन का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। दो रन के स्कोर पर तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। ईशान किशन, रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर अपना खाता तक नहीं खोल सके। स्टार्क ने ईशान किशन और हेजलवुड ने रोहित, श्रेयस को अपना शिकार बनाया। इसके बाद कोहली ने राहुल के साथ मिलकर पारी संभाली। 12 रन के स्कोर पर उन्हें जीवनदान भी मिला। इसके बाद इन दोनों ने पीछे मुडकर नहीं देखा। दोनों ने अपने अर्धशतक लगाए और शतकीय साझेदारी की। इसके बाद भी क्रीज पर जमे रहे। कोहली अपने शतक से चूके और 85 रन के स्कोर पर हेजलवुड का तीसरा शिकार बने। इसके बाद राहुल ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर मैच खत्म किया। हालांकि, वह भी अपने शतक से चूक गए और 97 रन के निजी स्कोर पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए हेजलवुड ने तीन और स्टार्क ने एक विकेट लिया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें