
डेस्क रिपोर्टर
News World Deskमुंबई, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। आईपीएल 2022 के शुरू होने से महज 2 दिन का समय बाकी है, लेकिन उससे पहले महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर से चौंकाने वाला फैसला किया है। उन्होंने टीम के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को चेन्नई सुपर किंग्स की कमान सौंप दी है। धोनी ने खुद से कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। वह आईपीएल के 15वें सीजन में बतौर खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।
गत चैंपियन CSK को 26 मार्च को कोलकाता के साथ वानखेड़े स्टेडियम में पहला मुकाबला खेलना है, लेकिन उससे पहले चार बार की चैंपियन CSK में एक बड़ा बदलाव हुआ है। जडेजा जो 2012 से टीम का अहम हिस्सा है, वह CSK के तीसरे कप्तान है। धोनी इस सीजन और इसके आगे भी CSK का हिस्सा बने रहेंगे। धोनी आईपीएल में अब तक सिर्फ स्टीव स्मिथ की कप्तानी में खेले हैं, ये दूसरा मौका होगा जब धोनी किसी दूसरे खिलाड़ी की कप्तानी में खेलेंगे।
15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करने वाले धोनी की अगुवाई में सीएसके ने पिछले साल अपना चौथा खिताब जीता था। धोनी 2008 में टूर्नामेंट की शुरुआत से ही सीएसके के कप्तान रहे हैं।
हमेशा चेन्नई के लिए धड़का धोनी का दिल
CSK ने जो मुकाम हासिल किया वह करिश्माई धोनी के बिना असंभव था। यहां तक CSK के निलंबन के समय 2016 और 17 में जब धोनी पुणे जॉइंट के साथ थे, तब भी उनका दिल चेन्नई के लिए धड़कता रहा था। धोनी ने 2016 के सत्र से पहले कहा था मैं झूठ बोलूंगा यदि मैं कहता हूं कि मैं आगे निकल चुका हूं। मैं यह नहीं कह सकता कि मैं एक नई टीम के लिए खेलने को लेकर बहुत उत्सुक हूं और अगर मैं पिछले 8 साल का प्यार और स्नेह के लिए CSK और चेन्नई के लोगों को श्रेय नहीं देता हूं तो यह गलत होगा। CSK ने इसके बाद 2018 में वापसी की और धोनी की अगुवाई में उसने तीसरा खिताब जीता।
अचानक फैसला लेकर चौंकाते हैं धोनी
- भारतीय टीम 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी, तब एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में धोनी चोट की वजह से नहीं खेलें। दूसरे टेस्ट में उन्होंने वापसी की और कप्तानी की। दूसरे टेस्ट के बाद धोनी ने अचानक टेस्ट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।
- 2017 में धोनी ने अचानक से वनडे और टी20 की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया था, हालांकि वह 2019 वर्ल्ड कप तक सीमित ओवर क्रिकेट खेलते रहे। इसके बाद 1 साल तक धोनी ने किसी को कोई जानकारी नहीं दी कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल लेंगे या नहीं।
- 15 अगस्त 2020 को धोनी ने अचानक से वनडे और टी-20 से भी संन्यास का ऐलान कर दिया था।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

