
टीम इंडिया के फैंस के लिए आज का दिन खास हो सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आज न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर सकता है। ऑस्ट्रेलिया सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे रोहित शर्मा और साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले विराट कोहली का चयन लगभग तय माना जा रहा है। वहीं केएल राहुल एक बार फिर टीम के मुख्य विकेटकीपर की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
दूसरा विकेटकीपर कौन? ईशान या पंत में टक्कर
टीम के चयन में सबसे बड़ा सवाल दूसरे विकेटकीपर को लेकर है। केएल राहुल के बाद बैकअप के तौर पर ऋषभ पंत और ईशान किशन के बीच मुकाबला है। ईशान किशन ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और वे टी-20 वर्ल्ड कप टीम में भी जगह बना चुके हैं। उनकी खास बात यह है कि वे विकेटकीपर के साथ-साथ ओपनर और मिडिल ऑर्डर बैटर की भूमिका भी निभा सकते हैं। यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें केएल राहुल के मजबूत बैकअप के तौर पर देख रहा है। दूसरी ओर ऋषभ पंत ने अपना आखिरी वनडे 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था। तब से वे टीम में अंदर-बाहर होते रहे हैं। हालांकि पंत को एक्स-फैक्टर खिलाड़ी माना जाता है, लेकिन फिलहाल उनकी जगह खतरे में दिख रही है।
कॉम्बिनेशन के कारण यशस्वी हो सकते हैं बाहर
शुभमन गिल की वापसी के साथ ही टीम इंडिया का टॉप-3 लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने वाले यशस्वी जायसवाल के लिए प्लेइंग-11 में जगह बनाना मुश्किल हो सकता है। टीम मैनेजमेंट अगर बैलेंस को प्राथमिकता देता है तो यशस्वी न सिर्फ अंतिम एकादश बल्कि पूरे स्क्वॉड से भी बाहर हो सकते हैं। यह फैसला कॉम्बिनेशन के लिहाज से काफी अहम रहेगा।
शमी-सिराज की वापसी के आसार, बुमराह-हार्दिक को आराम
वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या को इस वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है। दोनों खिलाड़ी लगातार इंजरी से जूझते रहे हैं और फिलहाल टी-20 सीरीज के लिए फिट रखे जा रहे हैं। ऐसे में तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी संभाल सकते हैं। सिराज ने हाल ही में हैदराबाद के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार गेंदबाजी कर अपनी दावेदारी मजबूत की है, जबकि शमी ने बंगाल के लिए लगातार मैच खेलकर फिटनेस साबित की है।
नंबर-4 की जंग: गायकवाड़ बनाम तिलक
श्रेयस अय्यर की पसली में चोट के चलते उनका चयन मुश्किल माना जा रहा है। इस वजह से नंबर-4 की पोजिशन पर ऋतुराज गायकवाड़ और तिलक वर्मा के बीच मुकाबला है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ गायकवाड़ ने इसी पोजिशन पर शतक जड़ा था, जिससे उनके मौके मजबूत हैं। तिलक वर्मा बैकअप विकल्प हो सकते हैं, लेकिन वर्ल्ड कप स्क्वॉड में होने के कारण उन्हें आराम भी दिया जा सकता है।
11 से 18 जनवरी तक खेले जाएंगे 3 वनडे
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा। इसके बाद 14 जनवरी को राजकोट और 18 जनवरी को इंदौर में मैच होंगे। यह सीरीज 2027 वर्ल्ड कप से पहले टीम कॉम्बिनेशन को परखने का बड़ा मौका होगी।
भारत का संभावित स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, केएल राहुल (उपकप्तान व विकेटकीपर), ईशान किशन, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी / प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

