नई दिल्ली, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। एशिया कप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। उसके लिए टीम इंडिया ने दुबई में तैयारी शुरू कर दी है। कप्तान रोहित शर्मा, उप कप्तान केएल राहुल और पूर्व कप्तान विराट कोहली नेट पर पसीना बहाते नजर आए। वहीं युवा खिलाड़ियों ने भी जमकर अभ्यास किया।
बीसीसीआई ने प्रैक्टिस सेशन की तस्वीर शेयर की है। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने एक साथ बल्लेबाजी की। राहुल लंबे समय के बाद रोहित शर्मा के साथ टीम में है। वह जिम्बाब्वे दौरे पर टीम के कप्तान थे, लेकिन उस सीरीज में रोहित नहीं खेले थे। दोनों ने दुबई में विकेट के बीच में दौड़ का अभ्यास भी किया, ताकि तालमेल सही हो सके। रोहित राहुल के बाद विराट कोहली ने भी जमकर अभ्यास किया है। उन्होंने लंबे-लंबे शॉट लगाए। कोहली के ऊपर पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी पारी खेलने की जिम्मेदारी है। वह लंबे समय ये लय में नहीं है, ऐसे में उनके ऊपर सबकी नजर होगी। उनके बाद बल्लेबाजी क्रम में सूर्यकुमार यादव का नंबर है। उन्होंने नेट पर पसीना बहाया। सूर्यकुमार पिछली बार पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। इस बार उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला तो बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। अभ्यास के दौरान रविंद्र जडेजा और ऋषभ पंत ने भी बड़े-बड़े शॉट लगाए। इस दौरान पंत मजाक के मूड में दिखे। मध्यम क्रम में पंत को अगर मौका मिलता है तो उन्हें इस बार खुद को साबित करना होगा। वह टेस्ट और वनडे में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में T20 में उनकी बल्लेबाजी ठीक नहीं रही है।
कप्तान रोहित के साथ राहुल करेंगे ओपनिंग
टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरेगी इसको लेकर भी काफी बातें की जा रही है। मैच में कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग कौन करेगा यह तस्वीर बहुत हद तक साफ हो गई है। चोट से वापसी कर रहे केएल राहुल कप्तान रोहित के साथ जमकर पसीना बहाते दिखे हैं। ऐसे में यह बात तो तय है कि प्रमुख ओपनर के साथ ही टीम इंडिया इस बार एशिया कप में उतरने वाली है। टीम इंडिया में विराट के होने का मतलब है कि वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। अब अगर नंबर तीन पर पूर्व कप्तान आएंगे तो सूर्यकुमार की जगह नबर 4 पर ही बनती है। वैसे भी T20 करियर में उन्होंने सबसे ज्यादा चौथे नंबर पर ही बल्लेबाजी की है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

