
आईपीएल 2025 में एक हफ्ते के ब्रेक के बाद गुजरात टाइटंस की टीम फिर से मैदान में उतरने के लिए तैयार है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस का मुकाबला आज दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मैच गुजरात के घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा। अंक तालिका में दिल्ली फिलहाल 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि गुजरात 8 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है।
कैसी होगी अहमदाबाद की पिच?
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। यह हाई-स्कोरिंग ग्राउंड माना जाता है। भले ही यह मुकाबला दिन में खेला जाएगा, लेकिन यहां रन बनने की पूरी संभावना है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी क्योंकि शाम के समय बैटिंग और आसान हो जाती है। पिच पर पहले खेलने वाली टीम अगर 200 से कम स्कोर बनाती है, तो उसके लिए जीत की संभावना कम हो जाएगी।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में दिल्ली का पलड़ा भारी
आईपीएल इतिहास में अब तक गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच कुल 5 मुकाबले हुए हैं। इनमें दिल्ली ने 3 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि गुजरात को सिर्फ 2 बार जीत मिली है। पिछले सीजन इसी मैदान पर दोनों टीमों के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें दिल्ली ने गुजरात को महज 89 रनों पर समेट दिया था और मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम किया था।
गुजरात की ताकत: टॉप-3 बल्लेबाज
गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी ताकत उनके टॉप-3 बल्लेबाज शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर हैं। इन तीनों ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है। हर मुकाबले में इन तीन में से किसी न किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक जड़ा है। इस सीजन में GT के टॉप-3 बल्लेबाजों का औसत 47.2 है, जो लीग में किसी भी टीम से बेहतर है। अब तक ये तीनों मिलकर 755 रन बना चुके हैं। गुजरात की जीत की उम्मीद भी इन्हीं पर टिकी है।
दिल्ली की कमजोरी: फ्रेजर-मैकगर्क का खराब फॉर्म
दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर जैक फ्रेजर-मैकगर्क की कमजोरी अब विरोधी टीमों के सामने खुल चुकी है। वे तेज गेंदबाजों के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने इस सीजन में 6 में से 5 बार तेज गेंदबाजों के खिलाफ विकेट गंवाया है। खासतौर पर वे आउटस्विंग गेंदों पर बार-बार चूक कर कैच थमा बैठते हैं। गुजरात के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कगिसो रबाडा इस कमजोरी का फायदा उठा सकते हैं।
स्टार्क का कहर, गुजरात के मिडिल ऑर्डर की अग्निपरीक्षा
दिल्ली के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क इस सीजन में शानदार लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अब तक 10 विकेट लिए हैं। स्टार्क ने पिछले मैच में 20वें ओवर में सटीक यॉर्कर फेंके और सुपर ओवर में भी शानदार गेंदबाजी की। उनके साथ मुकेश कुमार और मोहित शर्मा का अनुभव दिल्ली की तेज गेंदबाजी को मजबूती देता है। गुजरात का मिडिल ऑर्डर अभी तक किसी मुश्किल स्थिति में नहीं पड़ा है। ऐसे में अगर दिल्ली, गुजरात के टॉप-3 को जल्दी पवेलियन भेजने में सफल रही, तो मिडिल ऑर्डर की असल परीक्षा होगी।
अहमदाबाद में अब तक का आईपीएल रिकॉर्ड
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब तक कुल 38 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें 18 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 20 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने बाज़ी मारी है। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 243/5 है, जो पंजाब किंग्स ने इसी साल गुजरात के खिलाफ बनाया था। वहीं सबसे छोटा स्कोर 89/10 गुजरात टाइटंस ने ही पिछले साल दिल्ली के खिलाफ बनाया था। शुभमन गिल इस मैदान पर 129 रन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेल चुके हैं।
कुल मिलाकर मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद
दोनों टीमों की मौजूदा फॉर्म और परिस्थितियों को देखते हुए यह मुकाबला काफी रोमांचक रहने वाला है। एक तरफ दिल्ली की तेज गेंदबाजी और अनुभव है, तो दूसरी ओर गुजरात के टॉप-3 बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन। दोनों टीमें अंक तालिका में टॉप-2 में पहुंचने की होड़ में हैं। टॉस इस मैच में अहम भूमिका निभा सकता है और एक बार फिर अहमदाबाद की पिच पर रनों की बरसात देखने को मिल सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

