
भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का पांचवां और अंतिम मुकाबला आज से लंदन के द ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया के पास यह आखिरी मौका है जब वह मुकाबला जीतकर सीरीज 2-2 से ड्रॉ कर सकती है। दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम इस मैच को जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। लेकिन इन दोनों इरादों के बीच मौसम और खिलाड़ियों की चोट बड़ा फैक्टर बन सकते हैं।
इंग्लैंड को झटका, कप्तान स्टोक्स बाहर
मैच से एक दिन पहले इंग्लैंड ने बड़ा फैसला लेते हुए अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है। टीम में चार बदलाव हुए हैं और सबसे बड़ा बदलाव है कप्तान बेन स्टोक्स का बाहर होना। वह चोटिल हैं और उनकी जगह ओली पोप इस अहम मुकाबले में कप्तानी करेंगे।
भारत के पास सीरीज बचाने का मौका
टीम इंडिया सीरीज में अब तक केवल एक मुकाबला जीत सकी है – दूसरा टेस्ट, जिसमें उसने इंग्लैंड को 336 रन से हराया था। पहला और तीसरा टेस्ट इंग्लैंड ने क्रमश: 5 विकेट और 22 रन से अपने नाम किया था, जबकि चौथा मैच ड्रॉ रहा। अब पांचवें टेस्ट को जीतकर भारत के पास सीरीज बराबरी पर खत्म करने का मौका है।
शुभमन गिल – भारत की बल्लेबाजी की रीढ़
भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीरीज में अब तक 4 शतक जड़े हैं और दूसरे टेस्ट में 269 और 161 रनों की पारियां खेलकर सबको चौंका दिया। पिछले मैच में भी उन्होंने शतक लगाया था। गिल सीरीज के टॉप स्कोरर हैं।
बुमराह को मिला आराम, सिराज लीड रोल में
टीम इंडिया को गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की सेवाएं इस मैच में नहीं मिलेंगी। उन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम दिया गया है। वहीं, मोहम्मद सिराज, जिन्होंने बुमराह के साथ 14-14 विकेट लिए हैं, अब बॉलिंग अटैक की कमान संभालेंगे।
इंग्लैंड के लिए जैमी स्मिथ और टंग चमक रहे
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जैमी स्मिथ ने अब तक 4 टेस्ट में 424 रन बना लिए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 184 रन रहा। गेंदबाजी में अब तक सबसे ज्यादा विकेट कप्तान बेन स्टोक्स (17 विकेट) ने लिए, लेकिन अब उनकी गैरमौजूदगी में जोश टंग (11 विकेट) पर जिम्मेदारी रहेगी।
ओवल में भारत का इतिहास
द ओवल मैदान पर भारत ने 1936 में पहला टेस्ट खेला था, लेकिन जीत 35 साल बाद 1971 में आई, जब अजीत वाडेकर की कप्तानी में टीम ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया। दूसरी जीत 2021 में विराट कोहली की कप्तानी में मिली, जब टीम ने 157 रन से मुकाबला अपने नाम किया। कुल मिलाकर भारत ने ओवल में 14 टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 2 जीते, 5 हारे और 7 ड्रॉ रहे।
ओवल की पिच रिपोर्ट और आंकड़े
ओवल में अब तक 107 टेस्ट खेले जा चुके हैं। इनमें से 40 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीते हैं जबकि 30 मुकाबले पहले गेंदबाजी करने वाली टीम के नाम रहे। 37 टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुए। पिच पर शुरुआत में बाउंस रहता है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, स्पिनर भी प्रभावशाली हो जाते हैं। यहां संयम से खेलने वाला बल्लेबाज आसानी से रन बना सकता है।
मौसम डाल सकता है रोड़ा
इस ऐतिहासिक मुकाबले में मौसम भी विलेन बन सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक मैच के पहले, दूसरे और चौथे दिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
31 जुलाई: 84% बारिश
1 अगस्त: 60%
3 अगस्त: 58%
तापमान 23°C अधिकतम और 14°C न्यूनतम रह सकता है।
आंकड़ों पर नजर
अब तक भारत और इंग्लैंड के बीच 140 टेस्ट खेले जा चुके हैं। इनमें इंग्लैंड ने 53, भारत ने 36 और 51 मुकाबले ड्रॉ रहे। इंग्लैंड की जमीन पर भारत ने अब तक 71 टेस्ट खेले, जिनमें 10 जीते, 23 ड्रॉ और 38 हारे। सीरीज के लिहाज से इंग्लैंड ने अब तक 19, भारत ने 12 और 5 सीरीज ड्रॉ रही हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

