
टीम इंडिया के फैंस के लिए जनवरी की शुरुआत बड़ी खबर लेकर आ सकती है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान 3 या 4 जनवरी को होने वाला है। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी इस सीरीज में खेलते दिखेंगे, लेकिन हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते आराम दिया जा सकता है। सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि कप्तान शुभमन गिल चोट से उबरकर वापसी के लिए तैयार हैं।
शुभमन लौटेंगे, लेकिन श्रेयस की वापसी मुश्किल
नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज के दौरान शुभमन गिल चोटिल हो गए थे, जिसके चलते वे वनडे नहीं खेल सके थे। हालांकि उन्होंने टी-20 सीरीज में वापसी कर ली थी और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तान के तौर पर टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। दूसरी ओर, टीम के उप कप्तान श्रेयस अय्यर की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। सितंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान कंधे में चोट लगने के बाद वे पिछले तीन महीनों से क्रिकेट से दूर हैं। वे फिलहाल बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब कर रहे हैं और खबरों के मुताबिक उन्हें अब तक फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिला है। ऐसे में उनका इस सीरीज से बाहर रहना लगभग तय माना जा रहा है।
हार्दिक-बुमराह को ब्रेक, वर्कलोड मैनेजमेंट पर जोर
टी-20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है। दोनों खिलाड़ी लगातार इंजरी से जूझते रहे हैं, इसलिए बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड को लेकर सतर्क है। हालांकि राहत की बात यह है कि दोनों ही खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज के लिए चुने जा चुके हैं और वहां वे एक्शन में नजर आएंगे।
बैकअप ओपनर और नंबर-4 की उलझन
शुभमन गिल की वापसी से टॉप-3 लगभग फिक्स हो चुका है। रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली टीम की मजबूत शुरुआत की जिम्मेदारी संभालेंगे। ऐसे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रोहित के साथ ओपनिंग करने वाले यशस्वी जायसवाल को स्क्वॉड से बाहर किया जा सकता है। उनकी जगह विकेटकीपर-बैटर ईशान किशन को मौका मिल सकता है, जो घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में रहे हैं और मिडिल ऑर्डर में भी बैटिंग कर सकते हैं। श्रेयस की गैरमौजूदगी में नंबर-4 पर ऋतुराज गायकवाड मजबूत दावेदार हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने इस पोजिशन पर शतक लगाकर सबको प्रभावित किया था। बैकअप के तौर पर तिलक वर्मा या फिर ऑलराउंडर रियान पराग को स्क्वॉड में शामिल किया जा सकता है।
विकेटकीपर और फिनिशर्स की रेस
केएल राहुल एक बार फिर 5 या 6 नंबर पर बल्लेबाजी करते दिखेंगे। उनके बैकअप के लिए ऋषभ पंत टीम में बने रह सकते हैं। साथ ही युवा ध्रुव जुरेल और अनुभवी संजू सैमसन भी विकल्प के रूप में मौजूद हैं। सैमसन का वनडे रिकॉर्ड शानदार है – 16 मैचों में 56 से ज्यादा की औसत से 510 रन। हार्दिक के आराम पर रहने की स्थिति में फिनिशर की भूमिका के लिए नीतीश कुमार रेड्डी को मौका मिल सकता है। स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर लगभग तय माने जा रहे हैं, जबकि कुलदीप यादव स्पिन डिपार्टमेंट की अगुआई करेंगे।
क्या सिराज करेंगे वापसी?
तेज गेंदबाजी विभाग में हर्षित राणा ने हालिया सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है, इसलिए उनका बाहर होना मुश्किल है। मोहम्मद सिराज को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम से बाहर रखा गया था, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार गेंदबाजी के बाद वे प्रसिद्ध कृष्णा या अर्शदीप सिंह की जगह टीम में लौट सकते हैं।
11 से 18 जनवरी तक खेले जाएंगे 3 वनडे
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज 11 से 18 जनवरी तक खेली जाएगी। मुकाबले वडोदरा, राजकोट और इंदौर में होंगे। इसके बाद 21 से 31 जनवरी तक 5 टी-20 मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी, जिसकी टीम पहले ही घोषित हो चुकी है।
भारत का संभावित स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड, तिलक वर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा/मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

