शुक्रवार, 13 मार्च 2026
Logo
Sports
भारत ने पाकिस्तान को हराया, लेकिन ट्रॉफी लेने से किया इंकार! दुबई में गूंजे ‘भारत माता की जय’, पीएम बोले - ऑपरेशन सिंदूर खेल के मैदान पर भी जारी
29 सित, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
भारत ने पाकिस्तान को हराया, लेकिन ट्रॉफी लेने से किया इंकार! दुबई में गूंजे ‘भारत माता की जय’, पीएम बोले - ऑपरेशन सिंदूर खेल के मैदान पर भी जारी

भारत ने पाकिस्तान को हराया, लेकिन ट्रॉफी लेने से किया इंकार! दुबई में गूंजे ‘भारत माता की जय’, पीएम बोले - ऑपरेशन सिंदूर खेल के मैदान पर भी जारी

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

दुबई/नई दिल्ली। दुबई में रविवार रात एशिया कप 2025 का रोमांचक फाइनल खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से धूल चटाकर नौवीं बार एशिया कप अपने नाम कर लिया। लेकिन इस जीत से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं उस नजारे ने, जब भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ इंकार कर दिया।

 स्टेडियम में बैठे भारतीय फैंस ने तुरंत नारेबाजी शुरू कर दी – “भारत माता की जय…वंदे मातरम्!”


मोदी ने दी बधाई – “ऑपरेशन सिंदूर मैदान पर भी जारी

भारतीय टीम की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ऑपरेशन सिंदूर खेल के मैदान पर भी जारी है। नतीजा वही है, भारत की जीत। हमारे क्रिकेटरों को बधाइयां।” यह ट्वीट भारत की जीत के साथ-साथ पाकिस्तान को कड़ा संदेश देने वाला भी माना जा रहा है।


क्यों नहीं ली टीम इंडिया ने ट्रॉफी?

फाइनल के बाद जब ट्रॉफी प्रेजेंटेशन सेरेमनी का समय आया, तो भारतीय खिलाड़ियों ने साफ कह दिया कि वे नकवी से कोई भी पुरस्कार स्वीकार नहीं करेंगे।

 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तो खिलाड़ियों के सामने खाली हाथ ऐसा जेस्चर किया, मानो वे ट्रॉफी उठा रहे हों। इसके बाद पूरी टीम ने उसी ‘काल्पनिक ट्रॉफी’ के साथ सेलिब्रेशन कर दिया। इस फैसले की वजह साफ है – 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से भारत में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा उबाल पर है। इसी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान को करारा जवाब मिला। टीम इंडिया ने यही संदेश देने की कोशिश की कि आतंक का समर्थन करने वालों से दूरी बनाना ही सबसे बड़ा विरोध है।


नकवी रहे मंच पर अकेले, टीम इंडिया ने किया बहिष्कार

मैच खत्म होने के बाद करीब एक घंटे तक प्रेजेंटेशन रुका रहा। सूत्रों के मुताबिक, BCCI ने साफ कर दिया था कि भारतीय टीम नकवी से ट्रॉफी नहीं लेगी। यहां तक कि दुबई स्पोर्ट्स सिटी के खालिद अल जरूनी से ट्रॉफी दिलाने का प्रस्ताव भी आया, लेकिन नकवी मंच से हटने को तैयार नहीं हुए। BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “अगर नकवी ने जबरदस्ती ट्रॉफी देने की कोशिश की होती, तो औपचारिक विरोध दर्ज किया जाता।”

आखिरकार ACC ने घोषणा की कि भारतीय टीम पुरस्कार नहीं लेगी। प्रेजेंटर साइमन डूल ने कहा म, “भारत ने अपने अवॉर्ड्स लेने से इनकार कर दिया है और इसलिए यह प्रेजेंटेशन सेरेमनी यहीं खत्म की जाती है।”


भारतीय खिलाड़ियों ने दिखाया जज्बा

इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने नकवी की ओर देखा तक नहीं। कुलदीप यादव, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने अपने व्यक्तिगत पुरस्कार मंच पर मौजूद अन्य अधिकारियों से लिए। नकवी ने न तो खिलाड़ियों के लिए ताली बजाई और न ही उनकी ओर देखा। दूसरी ओर, पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने उपविजेता चेक नकवी से लिया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।


ट्रॉफी ड्रेसिंग रूम में है” – सूर्यकुमार यादव

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब कप्तान सूर्यकुमार यादव से ट्रॉफी न लेने पर सवाल हुआ तो उन्होंने कहा, “जब से मैं क्रिकेट खेल रहा हूं, पहली बार देखा कि चैंपियन टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई। हमने मेहनत करके टूर्नामेंट जीता है। खैर, कोई बात नहीं। मेरे लिए असली ट्रॉफी है – भारतीय ड्रेसिंग रूम में अपने सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ होना।”


BCCI सचिव बोले – “ICC में करेंगे शिकायत”

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ANI से कहा, “हमने फैसला किया था कि भारतीय टीम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के किसी अधिकारी से ट्रॉफी नहीं लेगी। PCB चीफ ही एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन हैं, लिहाजा हमारे खिलाड़ियों ने उनसे ट्रॉफी या मेडल स्वीकार नहीं किया। इसका मतलब ये नहीं कि नकवी भारत की ट्रॉफी या मेडल पाकिस्तान ले जाएंगे। नवंबर में ICC की कॉन्फ्रेंस है, हम वहां नकवी की हरकत पर आपत्ति जताएंगे।”


पूरे टूर्नामेंट में दिखा विरोध

➡️ भारतीय टीम ने केवल फाइनल में ही नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान का बहिष्कार किया।

➡️ खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से इनकार किया।

➡️ भारत ने पहले ही तय कर लिया था कि अगर चैंपियन बनते हैं तो किसी पाकिस्तानी ऑफिशियल से ट्रॉफी नहीं लेंगे।

➡️ यह सब पहलगाम हमले और पाकिस्तान की विवादित बयानबाजी के खिलाफ विरोध स्वरूप किया गया।


क्रिकेट का अपमान : पाकिस्तानी कप्तान 

मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, “हमसे हाथ न मिलाकर वे हमारा अपमान नहीं कर रहे, वे क्रिकेट का अपमान कर रहे हैं। उनका व्यवहार बहुत ही गलत था।” वहीं PCB और ACC चेयरमैन नकवी पहले से ही विवादों में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें क्रिस्टियानो रोनाल्डो विमान क्रैश का इशारा करते दिख रहे थे। इसे भारत के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट माना गया।


भारतीय फैंस का जश्न

स्टेडियम में बैठे हजारों भारतीय फैंस ने नकवी को मंच पर देखकर नारेबाजी शुरू कर दी। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” से पूरा दुबई स्टेडियम गूंज उठा। ये नजारा बता रहा था कि भारतीय टीम ही नहीं, बल्कि फैंस भी इस जीत को आतंकी मानसिकता के खिलाफ बड़ी जीत मान रहे थे।


सिर्फ ट्रॉफी नहीं, इज्जत भी जीती

भले ही भारतीय खिलाड़ियों ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया, लेकिन उन्होंने पूरे एशिया और दुनिया को साफ संदेश दिया – भारत सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि हर मोर्चे पर पाकिस्तान का मुकाबला करेगा। टीम इंडिया की ये जीत सिर्फ एक कप जीतने की नहीं, बल्कि देश के सम्मान और आत्मसम्मान की जीत भी बन गई।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें