
भारत और ऑस्ट्रेलिया 2003 के बाद एक बार फिर आईसीसी वनडे विश्व कप के फाइनल में रविवार को भिड़ेंगे। दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे से खेला जाएगा। इसकी दर्शक क्षमता 1.32 लाख है, जो दुनिया में सर्वाधिक है। रोहित शर्मा की 'ब्लू ब्रिगेड' अब तक अजेय रही है और खिताबी लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया छठी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में होगी।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को पराजित किया था। फाइनल से पहले 12:30 बजे 10 मिनट का एयरशो होगा, जिसमें वायुसेना के सूर्य किरण विमान आसमान में करतब दिखाएंगे।
टीम इंडिया की नजर हिसाब बराबर करने पर
भारत की नजर 2003 के फाइनल में मिली हार का हिसाब चुकता करने पर है। भारत अब तक दो बार (1983 और 2011) चैंपियन बना है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया पांच बार खिताब जीतने में सफल रहा है। टीम इंडिया की नजर 12 साल बाद विजेता बनने पर है। ऑस्ट्रेलिया आखिरी बार 2007 में विश्व चैंपियन बना था।
भारत का मजबूत पक्ष
बल्लेबाजी 7वें नंबर तक मजबूत ।
लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज करने की क्षमता।
रोहित, गिल, कोहली, श्रेयस, राहुल सहित सभी लय में।
बुमराह, शमी, सिराज, जडेजा तथा कुलदीप का शानदार प्रदर्शन।
ऑस्ट्रेलिया का मजबूत पक्ष
मजबूत शुरुआत और मध्य क्रम में अच्छी बल्लेबाजी ।
वॉर्नर, स्मिथ, मैक्सवेल बड़ी भूमिका निभाते रहे हैं।
गेंदबाजी में पैट कमिंस, हेजलवुड, स्टार्क और जम्पा शानदार।
पीएम मोदी देखेंगे मैच
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स खिताबी मुकाबला देखेंगे।
टॉस की बड़ी भूमिका
अहमदाबाद में अब तक बड़े स्कोर के मैच देखने को मिले हैं। हालांकि, यहां दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीमें भी सफल रही है। ऐसे में टॉस बड़ी भूमिका निभाएगा । 360 से 380 रनों का स्कोर चुनौतीपूर्ण होगा।
विजेता को मिलेंगे 33 करोड़ रुपए
कुल इनामी राशि : 83.29 करोड़ रुपए (10 मिलियन डॉलर)
विजेता : 33.31 करोड़ रुपए (4 मिलियन डॉलर)
उपविजेता : 16.65 करोड़ रुपए (2 मिलियन डॉलर)
चैंपियन कप्तान होंगे सम्मानित
मैच के दौरान शाम 5:30 बजे से 15 मिनट के ब्रेक में विश्व कप विजेता कप्तानों को बीसीसीआई सम्मानित करेगी। भारत के कपिल देव और एमएस धोनी इसमें शामिल रहेंगे।
फाइनल में ग्लैमर का तड़का
फाइनल मैच देखने के लिए बॉलीवुड और उद्योग जगत की हस्तियां उपस्थित रहेंगी। अभिनेत्रियों में विराट कोहली की पत्नी अनुष्का, केएल राहुल की पत्नी अथिया शेट्टी, सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा भी नजर आ सकती हैं। मुकेश अंबानी, लक्ष्मी मित्तल, गौतम अडाणी व अन्य भी मौजूद रहेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

