
जब बात मुल्क की हो, तो खेल भी छोटा पड़ जाता है... ऐसा ही हुआ जब भारत ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उतरने से इनकार कर दिया। इस फैसले से टूर्नामेंट में भूचाल आ गया। WCL ने बुधवार देर रात घोषणा की कि पाकिस्तान अब सीधे फाइनल में पहुंच गया है, क्योंकि भारत ने 31 जुलाई को बर्मिंघम में होने वाला मुकाबला खेलने से मना कर दिया।
भारत ने पहले भी रद्द किया था पाकिस्तान से मैच
WCL के ग्रुप स्टेज में भी भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 20 जुलाई को होने वाला मुकाबला खेलने से मना कर दिया था। तब दोनों टीमों को एक-एक अंक देकर मैच रद्द कर दिया गया था। लेकिन सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले में टीम इंडिया के इनकार के बाद अब पाकिस्तान को बिना खेले फाइनल का टिकट मिल गया।
ग्रुप में पाकिस्तान टॉप पर, भारत चौथे नंबर पर
पाकिस्तान की टीम ग्रुप स्टेज में चार जीत और नौ अंकों के साथ टॉप पर रही। वहीं भारत को केवल एक जीत मिली, तीन मुकाबले हारे और एक बेनतीजा रहा। भारत छह टीमों की लीग में चौथे पायदान पर रहा। अब पाकिस्तान फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा।
स्पॉन्सर कंपनी का भी विरोध – "आतंकवाद और क्रिकेट साथ नहीं चल सकते"
WCL की स्पॉन्सर कंपनी ईजमाई ट्रिप ने भी भारत के फैसले का समर्थन किया है। कंपनी के को-फाउंडर निशांत पिट्टी ने X (Twitter) पर लिखा, "आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते। हम ऐसे किसी आयोजन का समर्थन नहीं कर सकते जो आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ संबंधों को सामान्य करने की कोशिश करे। देश पहले, व्यापार बाद में।"
संसद में भी उठा मामला, ओवैसी ने सरकार से पूछा तीखा सवाल
एक दिन पहले AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लोकसभा में एशिया कप 2025 को लेकर सरकार से सवाल पूछा था। उन्होंने कहा, "क्या आपकी अंतरात्मा अनुमति देती है कि आप पहलगाम में मारे गए लोगों के परिवार वालों से कहें कि अब भारत-पाक मैच देखिए? खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, फिर क्रिकेट की अनुमति कैसे दी जा रही है?" ओवैसी का यह बयान ऑपरेशन सिंदूर पर चल रही विशेष चर्चा के दौरान आया।
सोशल मीडिया पर भी विरोध तेज, एशिया कप और महिला वर्ल्ड कप पर भी सवाल
26 जुलाई को एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी होने के बाद से ही भारत-पाक मैचों को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध बढ़ गया है। 14 सितंबर को एशिया कप में भारत-पाकिस्तान का मैच तय है। वहीं, भारतीय महिला टीम भी 6 अक्टूबर को कोलंबो में पाकिस्तान से भिड़ेगी।
अब तक BCCI ने इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
भारत की WCL टीम: नाम बड़े, इरादे उससे भी बड़े
कप्तान: युवराज सिंह
शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायडू, सुरेश रैना, यूसुफ पठान, इरफान पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, विनय कुमार, हरभजन सिंह, पीयूष चावला, गुरकीरत सिंह मान, सिद्धार्थ कौल, अभिमन्यु मिथुन, वरुण आरोन
अजय देवगन की कंपनी कर रही आयोजन
WCL एक प्राइवेट फ्रेंचाइज़ी लीग है जिसमें दुनिया भर के रिटायर्ड क्रिकेटर्स हिस्सा ले रहे हैं। भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज – कुल 6 टीमें खेल रही हैं। इसका आयोजन बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन और इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की साझेदारी में हो रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

