
पहले मैच में औसत प्रदर्शन करने वाले भारत के युवा गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को दूसरे टी20 मैच में अपनी गलतियों से सबक लेकर बेहतर प्रदर्शन के इरादे से उतरेंगे। भारत ने विशाखापत्तनम में पहला मैच दो विकेट से जीतकर 5 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना चुका है।
तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को छोड़कर हालांकि बाकी भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सके। ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच और हालात बहुत अलग नहीं होंगे लिहाजा भारतीय गेंदबाजों को एक इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। पहले मैच में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा ने क्रमशः 10.25 और 12.50 की औसत से रन दिए, जबकि स्पिनर रवि बिश्नोई ने 13.50 प्रति ओवर की औसत से रन दे डाले। टी20 प्रारूप में गेंदबाजों के लिए बहुत कुछ नहीं होता, लेकिन इन तीनों की गेंदबाजी में विविधता का अभाव दिखा।
भारत को सीरीज में बढ़त बनानी है तो इन तीनों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। यह असंभव भी नहीं है क्योंकि मुकेश ने विविधता के साथ ऐसा कर दिखाया है। दूसरे गेंदबाजों को भी उनके नक्शेकदम पर चलना होगा। लंबे समय बाद शीर्ष स्तर पर खेलने का कारण दिया जा सकता है, लेकिन आजकल अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का कार्यक्रम ऐसा है कि खिलाड़ी को सदैव सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार रहना होता है। बिश्नोई को समझना होगा कि वह सिर्फ गुगली पर निर्भर नहीं रह सकते क्योंकि बल्लेबाज उन्हें भांप लेते हैं। उन्हें इसमें बदलाव करना होगा।
दोनों टीमें इस प्रकार है
भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, इशान किशन, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, अवेश खान, मुकेश कुमार।
ऑस्ट्रेलिया : मैथ्यू वेड (कप्तान), आरोन हार्डी, जेसन बेहरेनडोर्फ, सीन एबॉट, टिम डेविड, नाथन एलिस, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, ग्लेन मैक्सवेल, तनवीर सांघा, मैट शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मार्कस स्टोइनिस, केन रिचर्डसन, एडम जम्पा ।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

