
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2024 सीजन के शेड्यूल की घोषणा चरणों में किए जाने की संभावना है। पहले फेज का शेड्यूल जल्द घोषित किया जाएगा, लेकिन अगले फेज के शेड्यूल का ऐलान लोकसभा चुनावों की घोषणा के बाद होगा।
अरुण सिंह धूमल की अध्यक्षता वाली गवर्निंग काउंसिल (जीसी) शेड्यूल को अंतिम रूप दे रही है। एक सूत्र ने बताया, हम आंतरिक रूप से चर्चा कर रहे हैं और कमोबेश शेड्यूल का पता लगा लिया है, लेकिन अंतिम घोषणा तब होने की संभावना है जब हमें वोटिंग शेड्यूल पर गृह मंत्रालय और भारत के चुनाव आयोग से स्पष्टता और आवश्यक मंजूरी मिल जाएगी। लोकसभा चुनावों के कारण आईपीएल को देश से बाहर ले जाने का कोई विचार फिलहाल बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के दिमाग में नहीं है।
ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि पूरा टूर्नामेंट भारत में ही खेला जाएगा। आईपीएल के 2019 सीजन की तरह इस बार भी कम से कम दो चरणों में शेड्यूल का ऐलान होगा। बता दें कि यह चौथी बार है, जब लीग का शेड्यूल आम चुनावों के कार्यक्रम से टकरा रहा है। साल 2009 में लोकसभा चुनावों की वजह से टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका में आयोजित हुआ था, जबकि 2014 में आईपीएल के आधे फेज का आयोजन यूएई में करना पड़ा था। वहीं, 2019 में पूरा टूर्नामेंट आम चुनावों के बावजूद भारत में हुआ था। आईपीएल के शेड्यूल की घोषणा चरणों में की जाएगी। जैसा कि 2019 में हुआ था। प्रत्येक टीम के पहले कुछ मैचों के लिए, हम जल्द ही शेड्यूल जारी करेंगे और फिर हमें वोटिंग डेट्स और अन्य महत्वपूर्ण तारीखों पर अधिक स्पष्टता मिलेगी, उसके बाद हम बाकी बचे मैचों की घोषणा करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

