शनिवार, 14 मार्च 2026
Logo
Sports
वनडे क्रिकेट के महाकुंभ का आज से आगाज, 46 दिन में 48 मैच खेले जाएंगे, आज पहला मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच
अभी-अभी 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
वनडे क्रिकेट के महाकुंभ का आज से आगाज, 46 दिन में 48 मैच खेले जाएंगे, आज पहला मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच

वनडे क्रिकेट के महाकुंभ का आज से आगाज, 46 दिन में 48 मैच खेले जाएंगे, आज पहला मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच

News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk

नई दिल्ली। आईसीसी विश्व कप 2023 का बिगुल आखिरकार बज चुका है। वर्ल्ड कप जिसका करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है। बस कुछ ही घंटे दूर है। 46 दिन तक चलने वाले महाकुंभ में 10 टीमों के 150 खिलाड़ी अपनी टीम को चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे। वनडे विश्व कप की शुरुआत इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मैच से होगी। भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे टॉस होगा। मैच 2 बजे से शुरू होगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। राउंड रॉबिन स्टेज में 45 मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि तीन मुकाबले नॉकआउट स्टेज के होंगे। यानी कुल 48 मैच खेले जाएंगे। 19 नवंबर को टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा। यह वनडे विश्व कप का 13वां संस्करण है।


यहां देखें फ्री मैच

वर्ल्ड कप 2023 के सभी मैच अगर आपको फ्री में देखना है तो इसके लिए आपको डिज्नी प्लस हॉटस्टार एप अपने फोन पर इंस्टाल करना होगा। हॉटस्टार पर आप वर्ल्ड कप 2023 के सभी मैच फ्री में देख सकेंगे। लैपटॉप या फिर स्मार्ट टीवी पर अगर आप हॉटस्टार के जरिए मैच देखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको कुछ पैसे देने पड़ सकते हैं। ओटीटी के अलावा अगर आप इन मैचों का लुत्फ टीवी पर उठाना चाहते हैं तो आपको स्टार स्पोर्ट्स के चैनल नंबर 1 पर जाना होगा। जहां आप कॉमेंट्री के साथ मैच का मजा ले पाएंगे। 


10 टीमें हिस्सा ले रहीं और कुल इतने मैच होंगे

पिछले वनडे विश्व कप की तरह इस बार भी 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। मेजबान भारत के अलावा डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड, उपविजेता न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड भी टूर्नामेंट खेलती दिखेंगी। श्रीलंका और नीदरलैंड ने क्वालिफिकेशन राउंड पार कर अंतिम-10 में जगह बनाई है। दो बार की विश्व चैंपियन टीम वेस्टइंडीज पहली बार क्वालिफाई नहीं कर सकी। 2019 विश्व कप की तरह सभी 10 टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। एक टीम राउंड रॉबिन फॉर्मेट में कुल नौ मैच खेलेगी। यानी लीग स्टेज में कुल 45 मुकाबले होंगे। इसके बाद दो सेमीफाइनल मैच और एक फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। लीग राउंड के 45 में से 39 मुकाबले डे-नाइट होंगे, जबकि छह मैच दिन के रहेंगे।


विश्व कप में भारत का शेड्यूल

भारतीय टीम विश्व कप में अपना पहला मैच आठ अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, भारत का पाकिस्तान से मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के बाद अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और आखिरी ग्रुप मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी।


बारिश से मैच रद्द होने पर क्या होगा?

राउंड रॉबिन स्टेज में बारिश या किसी और कारण से मुकाबला रद्द होता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। वहीं, सेमीफाइनल और फाइनल रद्द होने पर रिजर्व डे की व्यवस्था की गई है। ये मैच बारिश की वजह से जहां रुकेगा, रिजर्व डे पर उसी स्कोर उसी स्थान से खेल शुरू होगा।


रिजर्व डे पर भी खेल नहीं हो सका तो क्या होगा?

सेमीफाइनल में अगर किसी कारण से रिजर्व डे पर भी मैच नहीं हो सका तो लीग राउंड के दौरान अंक तालिका में बेहतर करने वाली टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई करेगी। वहीं, अगर बारिश या किसी और कारण से फाइनल मुकाबला भी अगर रिजर्व डे पर पूरा नहीं हो सका तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता माना जाएगा और विजेता की ट्रॉफी साझा की जाएगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें