
भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त जरूर बना ली है, लेकिन टीम इंडिया के लिए चिंता की लकीरें भी साफ नजर आ रही हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल की लगातार खराब फॉर्म ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम मैनेजमेंट और फैंस की टेंशन बढ़ा दी है।
15 पारियों में भी नहीं आया अर्धशतक
सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल को लगातार मौके मिल रहे हैं, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज पिछली 15 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं जड़ सके हैं। इसी वजह से दोनों खिलाड़ी आलोचकों के निशाने पर हैं।
अभिषेक शर्मा गिल और सूर्या के सपोर्ट में उतरे
इसी बीच भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल का खुलकर समर्थन किया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीत के बाद बात करते हुए अभिषेक ने सभी से इन दोनों पर भरोसा रखने की अपील की।
टी20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाएंगे: अभिषेक
अभिषेक शर्मा ने कहा, “मैं आपको सीधे बता रहा हूं, मुझ पर भरोसा करें कि सूर्या और गिल हमें T20 वर्ल्ड कप और उससे पहले की सीरीज में मैच जिताएंगे। मैं उनके साथ इतने लंबे समय से खेल रहा हूं, खासकर शुभमन के साथ। इसलिए मुझे पता है कि वह कौन सा मैच जीत सकता है, किन परिस्थितियों में चाहे टीम कोई भी हो। इसलिए मुझे शुरू से ही उन पर बहुत भरोसा है और मुझे उम्मीद है कि हर कोई इसे बहुत जल्द देखेगा और हर कोई उन पर भरोसा करेगा।”
‘फॉर्म अस्थायी, क्लास स्थायी’ का दिया उदाहरण
अभिषेक शर्मा का मानना है कि क्रिकेट में फॉर्म भले ही अस्थायी हो, लेकिन क्लास हमेशा स्थायी रहती है। उन्होंने शुभमन गिल को अलग-अलग परिस्थितियों में किसी भी विरोधी टीम के खिलाफ खेल पर नियंत्रण करते हुए देखा है। एज-ग्रुप क्रिकेट से साथ खेलने के कारण उन्हें गिल के खेल की बेहतर समझ होने का दावा भी किया।
आंकड़ों से मेल नहीं खाता भरोसा
हालांकि, अभिषेक का यह भरोसा मौजूदा आंकड़ों से मेल नहीं खाता। कप्तान सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन लगातार गिरता नजर आ रहा है और अब इसे नजरअंदाज करना मुश्किल होता जा रहा है।
सूर्यकुमार यादव की फॉर्म बनी चिंता
2025 में भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 17 पारियों में सिर्फ 201 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 14.35 और स्ट्राइक रेट 126.41 रहा है। इस साल वह एक बार भी 50 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सके हैं। पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा का कहना है कि सूर्यकुमार यादव अपनी सही जगह पर खेलते नजर नहीं आ रहे हैं।
शुभमन गिल भी नहीं जड़ सके अर्धशतक
वहीं, शुभमन गिल ने इस साल 15 पारियों में 24.25 के औसत से 291 रन बनाए हैं, लेकिन उनके नाम एक भी अर्धशतक नहीं है। इनमें से आठ पारियां 20 रन से कम पर समाप्त हुई हैं। यह दर्शाता है कि गिल पूरी तरह फ्लॉप नहीं हो रहे, लेकिन बड़े स्कोर बनाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। चोट से वापसी और लगातार क्रिकेट खेलने का बोझ भी उनके प्रदर्शन पर असर डाल रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

