
भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गया है। मामला सामने आते ही अलीगढ़ पुलिस हरकत में आ गई और साइबर क्राइम सेल में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रिंकू सिंह का सोशल मीडिया अकाउंट किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गैरकानूनी तरीके से चलाया जा रहा था।
भाई ने दर्ज कराई शिकायत, बदले गए लॉग-इन डिटेल्स
इस पूरे मामले में रिंकू सिंह के भाई ने साइबर क्राइम सेल में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया कि फेसबुक अकाउंट के लॉग-इन क्रेडेंशियल्स को बदल दिया गया था। इतना ही नहीं, अकाउंट से रिंकू सिंह के नाम से कई पोस्ट भी की गईं, जो उन्होंने खुद नहीं की थीं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच तेज कर दी है।
16 लाख फॉलोअर्स वाली मोनेटाइज आईडी से कमाई पर डाका
जांच में सामने आया है कि रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी एक मोनेटाइज्ड अकाउंट है, जिस पर करीब 1.6 मिलियन फॉलोअर्स जुड़े हुए हैं। आरोप है कि हैकर इस अकाउंट से होने वाली कमाई को भी अपने कब्जे में ले रहे थे। जब रिंकू सिंह ने कुछ दिन पहले अकाउंट चेक किया, तो वे पासवर्ड के जरिए लॉग-इन नहीं कर सके।
मेल आईडी और बैंक से जुड़ी जानकारियों में छेड़छाड़
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, फेसबुक अकाउंट से जुड़ी मूल व्यक्तिगत ई-मेल आईडी को हटाकर हैकरों ने उसे एक नई कॉमर्शियल मेल आईडी से लिंक कर दिया। साथ ही, अकाउंट से जुड़ी वित्तीय जानकारी में भी बदलाव किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में रिंकू सिंह ने फोन पर एसएसपी को भी सूचना दी थी, जिसके बाद औपचारिक तहरीर दी गई।
आईपी एड्रेस ट्रैक, अकाउंट रिकवरी की कार्रवाई शुरू
साइबर सेल की टीम अब उस आईपी एड्रेस और ई-मेल आईडी को ट्रैक कर रही है, जिनके जरिए अकाउंट में बदलाव किए गए। इसके साथ ही फेसबुक (मेटा) प्रबंधन को भी पत्र भेजा गया है, ताकि अकाउंट को जल्द से जल्द रिकवर किया जा सके। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

