
नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले टीम इंडिया को दोहरे झटके लगे हैं। दिल्ली में हुए प्रैक्टिस सेशन के दौरान ओपनर ईशान किशन चोटिल हो गए, जबकि दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा पहले से ही बीमारी से जूझ रहे हैं। ऐसे में प्लेइंग-11 को लेकर टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है और ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
बुमराह की यॉर्कर से लगी चोट, नेट्स छोड़कर बाहर गए ईशान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रैक्टिस के दौरान जसप्रीत बुमराह की तेज यॉर्कर ईशान किशन के बाएं पैर के अंगूठे पर लग गई। गेंद लगते ही ईशान दर्द से जमीन पर बैठ गए और टीम फिजियो ने तुरंत उनकी जांच की। कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी की कोशिश जरूर की, लेकिन ज्यादा देर तक अभ्यास जारी नहीं रख सके। फिलहाल बीसीसीआई की ओर से उनकी चोट पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अभिषेक शर्मा की तबीयत खराब, खेलना मुश्किल
टीम इंडिया के लिए मुश्किलें इसलिए भी बढ़ गई हैं क्योंकि ओपनर अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण से परेशान हैं। वह दो दिनों तक दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती रहे और बुधवार को ही उन्हें छुट्टी मिली। युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने बताया कि उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा।
संजू सैमसन को मिल सकता है मौका
अगर दोनों ओपनर उपलब्ध नहीं होते हैं तो विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में जगह मिल सकती है। उन्होंने नेट्स में करीब 30 मिनट तक तेज गेंदबाजों और स्पिनर्स का सामना किया। शुरुआत में सतर्क नजर आने के बाद उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास दिखा। टीम मैनेजमेंट का भी मानना है कि लंबे टूर्नामेंट में सभी खिलाड़ियों की भूमिका अहम होती है।
बुमराह फिटनेस की ओर, वापसी के संकेत
इस बीच जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर सकारात्मक खबर सामने आई है। तिलक वर्मा के अनुसार बुमराह अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और मैच से पहले अंतिम फैसला लिया जाएगा। प्रैक्टिस में उन्होंने गेंदबाजी के साथ कैचिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया, जिससे उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ गई है।
पाकिस्तान मैच से पहले अहम तैयारी
टीम मैनेजमेंट नामीबिया के खिलाफ मुकाबले को रविवार को होने वाले पाकिस्तान मैच की तैयारी के तौर पर देख रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों की फिटनेस और टीम संयोजन पर खास ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि आने वाले मुकाबले टूर्नामेंट की दिशा तय कर सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

