शुक्रवार, 13 मार्च 2026
Logo
Sports
T20 वर्ल्ड कप 2026: श्रीलंका सुपर-8 में, जिम्बाब्वे जीती तो ऑस्ट्रेलिया बाहर! पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के लिए भी आज करो या मरो मुकाबले
17 फ़र, 2026 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
T20 वर्ल्ड कप 2026: श्रीलंका सुपर-8 में, जिम्बाब्वे जीती तो ऑस्ट्रेलिया बाहर! पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के लिए भी आज करो या मरो मुकाबले

T20 वर्ल्ड कप 2026: श्रीलंका सुपर-8 में, जिम्बाब्वे जीती तो ऑस्ट्रेलिया बाहर! पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के लिए भी आज करो या मरो मुकाबले

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। श्रीलंका ने लगातार तीसरी जीत हासिल कर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है, वहीं ऑस्ट्रेलिया पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। आज होने वाले मुकाबले कई टीमों की किस्मत तय करेंगे, जिसमें जिम्बाब्वे, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के मैच सबसे अहम माने जा रहे हैं।


ग्रुप-A का गणित: पाकिस्तान के लिए जीत जरूरी

ग्रुप-A में भारत पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुका है और 6 पॉइंट्स के साथ टॉप पर बना हुआ है। अमेरिका 4 अंक लेकर दूसरे नंबर पर है और उसके सभी मैच पूरे हो चुके हैं। पाकिस्तान भी 4 पॉइंट्स पर है, लेकिन कमजोर रन रेट के कारण तीसरे स्थान पर है। टीम का आखिरी मुकाबला नामीबिया से है और अगर यहां हार मिली तो 2009 की चैंपियन टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो सकती है।


ग्रुप-B में उलझा समीकरण, जिम्बाब्वे की जीत से ऑस्ट्रेलिया होगी बाहर!

श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सुपर-8 में एंट्री कर ली है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की राह अब बेहद कठिन हो गई है। कंगारू टीम को ओमान के खिलाफ जीत के साथ जिम्बाब्वे की हार का इंतजार करना होगा। अगर जिम्बाब्वे आयरलैंड या श्रीलंका में से किसी एक को भी हरा देता है तो वह श्रीलंका के साथ अगले राउंड में पहुंच जाएगा और ऑस्ट्रेलिया बाहर हो जाएगा।


ग्रुप-C: इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने बनाई जगह

ग्रुप-C की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। इंग्लैंड ने इटली को हराकर सुपर-8 में जगह बना ली है, जबकि वेस्टइंडीज पहले ही तीन जीत के साथ अगले दौर में पहुंच चुका है। इटली, नेपाल और स्कॉटलैंड दो से ज्यादा हार के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।


ग्रुप-D में न्यूजीलैंड के पास मौका

ग्रुप-D में साउथ अफ्रीका तीनों मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंच चुका है। आज न्यूजीलैंड और कनाडा के बीच मुकाबला होगा, जिसमें जीत हासिल कर कीवी टीम भी अगले राउंड में पहुंच सकती है। अफगानिस्तान और यूएई को क्वालिफाई करने के लिए अपने मैच जीतने के साथ न्यूजीलैंड की हार की उम्मीद करनी होगी।


मेंडिस बने टॉप स्कोरर, विकेट लेने में शाल्कविक आगे

श्रीलंका के बल्लेबाज कुसल मेंडिस शानदार फॉर्म में हैं और लगातार तीसरी फिफ्टी के साथ 168 रन बनाकर टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर बने हुए हैं। न्यूजीलैंड के टिम साइफर्ट 167 रन के साथ उनके करीब हैं, जबकि भारत के ईशान किशन 158 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। गेंदबाजी में अमेरिका के शैडली वान शाल्कविक 13 विकेट लेकर सबसे आगे हैं, वहीं लुंगी एनगिडी और अजमतुल्लाह ओमरजई 8-8 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं।


अब हर मैच बनेगा निर्णायक

ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबलों ने टूर्नामेंट को और रोमांचक बना दिया है। कुछ टीमों की जगह लगभग तय हो चुकी है, जबकि कई बड़े नाम अब भी ‘करो या मरो’ की स्थिति में हैं। आने वाले मैचों में जीत-हार ही तय करेगी कि सुपर-8 में कौन पहुंचता है और किसका सफर यहीं खत्म होता है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें