
नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ही क्रिकेट की पिच पर सियासी गर्मी तेज हो गई है। खबर है कि अगर बांग्लादेश की टीम को टूर्नामेंट से बाहर किया गया तो पाकिस्तान भी अपना नाम वापस ले सकता है। पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज ने PCB के सूत्रों के हवाले से यह दावा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तैयारियां रोक दी हैं और टीम मैनेजमेंट को वैकल्पिक योजना बनाने को कहा गया है।
PCB ने तैयारियों पर लगाया ब्रेक
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड मौजूदा हालात को लेकर बेहद सतर्क है। बोर्ड ने टीम प्रबंधन से कहा है कि यदि पाकिस्तान टूर्नामेंट में हिस्सा न लेने का फैसला करता है तो उसके लिए अलग प्लान तैयार रखा जाए। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक न तो PCB और न ही ICC की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है।
बांग्लादेश ने भी दिखाई सख्ती
उधर, बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने साफ कहा है कि अगर ICC भारतीय बोर्ड के दबाव में आकर बांग्लादेश पर अनुचित शर्तें थोपता है तो उनका देश इसे स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने दोहराया कि बांग्लादेश भारत में खेलने के लिए तैयार नहीं है और वेन्यू बदलने की मांग पर अडिग है।
KKR के फैसले से शुरू हुआ विवाद
पूरा विवाद तब भड़का जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से रिलीज कर दिया। आरोप है कि यह फैसला BCCI के कहने पर लिया गया। इससे नाराज बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने मैच भारत से बाहर कराने की मांग तेज कर दी और देश में IPL प्रसारण तक रोक दिया।
ICC ने ग्रुप बदलने की मांग ठुकराई
क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो के मुताबिक ICC ने BCB से 21 जनवरी तक यह स्पष्ट करने को कहा है कि वह वर्ल्ड कप खेलेगा या नहीं। ICC ने यह भी संकेत दिए हैं कि बांग्लादेश के न खेलने की स्थिति में स्कॉटलैंड को मौका दिया जा सकता है। 17 जनवरी को ढाका में हुई बैठक में ICC ने बांग्लादेश की ग्रुप बदलने की मांग खारिज कर दी और सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया।
कब और कहां हैं बांग्लादेश के मैच
बांग्लादेश को ग्रुप-C में रखा गया है।
7 फरवरी – वेस्टइंडीज बनाम बांग्लादेश (कोलकाता)
9 फरवरी – इटली बनाम बांग्लादेश (कोलकाता)
14 फरवरी – इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश (कोलकाता)
17 फरवरी – नेपाल बनाम बांग्लादेश (मुंबई)
मुस्तफिजुर की IPL एंट्री बनी मुसीबत
16 दिसंबर के IPL मिनी ऑक्शन में KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के बाद भारत में उनका विरोध शुरू हो गया। इसके बाद 3 जनवरी को KKR ने उन्हें टीम से बाहर कर दिया, जिसने इस पूरे विवाद को अंतरराष्ट्रीय मोड़ दे दिया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

