
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप के रोमांचक मुकाबलों के बीच आज भारतीय टीम दिल्ली में नामीबिया से टकराने जा रही है। अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। भारत पहले मैच में अमेरिका को हराकर आत्मविश्वास से भरा है, जबकि नामीबिया पिछली हार के बाद वापसी की कोशिश में उतरेगी। इस मुकाबले में जीत टीम इंडिया को ग्रुप-ए में टॉप पर पहुंचा सकती है।
पॉइंट्स टेबल की रेस हुई दिलचस्प
ग्रुप-ए में फिलहाल पाकिस्तान 4 अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। भारत अगर आज का मैच जीतता है तो टेबल में नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर सकता है। दूसरी ओर नामीबिया के पास भी जीत के साथ दूसरे स्थान तक पहुंचने का मौका रहेगा, इसलिए मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है।
टीम इंडिया को झटका, अभिषेक शर्मा बीमार
मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। ओपनर अभिषेक शर्मा की तबीयत खराब होने के कारण उनका खेलना मुश्किल बताया जा रहा है। उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को मौका मिल सकता है और ईशान किशन के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में हैं और पिछले मैच में 84 रन की पारी खेल चुके हैं।
गेंदबाजी में बदलाव संभव, बुमराह की वापसी
अमेरिका के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए थे, जबकि अर्शदीप सिंह को दो सफलता मिली थी। अब जसप्रीत बुमराह चोट से उबरकर वापसी के लिए तैयार हैं। ऐसे में प्लेइंग-11 में तेज गेंदबाजी संयोजन में बदलाव देखने को मिल सकता है।
नामीबिया की चुनौती और पिछले रिकॉर्ड
नामीबिया ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 16 मुकाबले खेले हैं, जिसमें चार जीत दर्ज की हैं। 2022 में टीम श्रीलंका को हराकर बड़ा उलटफेर कर चुकी है। हालांकि इस टूर्नामेंट में अपने पहले मैच में उसे नीदरलैंड से हार मिली थी। जैन निकोल लोफ्टी-ईटन ने उस मैच में 42 रन बनाए थे और गेंद से भी योगदान दिया था।
पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों को मिलेगा फायदा
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है। पिछले मैच में भी यहां लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने आसानी से जीत हासिल की थी। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।
मौसम का हाल
दिल्ली में मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है। तापमान 12 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। शाम के समय मौसम थोड़ा ठंडा रहेगा, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को राहत मिलेगी।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह/मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।
नामीबिया: लौरेन स्टीनकैंप, जैन फ्रायलिंक, जैन निकोल लोफ्टी-ईटन, जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जैन ग्रीन (विकेटकीपर), डायलन लीचर, रूबन ट्रम्पलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हिंगो।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

