
नई दिल्ली। भारतीय चयन समिति ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। इस बार कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं — ऋषभ पंत की शानदार वापसी हुई है, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया गया है। टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में सौंपी गई है और पंत को उप-कप्तान बनाया गया है।
ऋषभ पंत की वापसी से मजबूत हुआ बल्लेबाजी लाइनअप
इंग्लैंड सीरीज में लगी चोट से उबरने के बाद ऋषभ पंत की वापसी हुई है। वह अब एन जगदीशन की जगह टीम में शामिल किए गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि पंत की वापसी के बावजूद युवा विकेटकीपर ध्रुव जुरेल भी टीम में बने रहे हैं। चयनकर्ताओं के अनुसार — “ऋषभ पंत पूरी तरह फिट हैं और टेस्ट टीम के अहम सदस्य के रूप में वापसी कर रहे हैं।”
प्रसिद्ध कृष्णा बाहर, आकाश दीप की एंट्री
तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि आकाश दीप को मौका मिला है। तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और आकाश दीप शामिल रहेंगे। ओपनिंग जोड़ी के तौर पर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल एक बार फिर पारी की शुरुआत करेंगे।
मोहम्मद शमी एक बार फिर चयन से बाहर
अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर टीम में नहीं चुना गया। उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच मार्च 2025 में खेला था। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठाए थे, जिस पर शमी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, “मैं पूरी तरह फिट हूं और हर फॉर्मेट में खेलने को तैयार हूं।” शमी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर 15 विकेट झटके थे, लेकिन तीसरे मैच में लय बरकरार नहीं रख पाए।
भारत की टेस्ट टीम (vs दक्षिण अफ्रीका)
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप।
भारत-ए टीम का भी ऐलान: तिलक वर्मा बने कप्तान
चयन समिति ने दक्षिण अफ्रीका-ए के खिलाफ राजकोट में होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारत-ए टीम का ऐलान भी किया है। तिलक वर्मा को कप्तान और रुतुराज गायकवाड़ को उप-कप्तान बनाया गया है। ईशान किशन और प्रभसिमरन सिंह को बतौर विकेटकीपर शामिल किया गया है। सीरीज 13, 16 और 19 नवंबर को राजकोट में खेली जाएगी।
भारत-ए टीम (vs दक्षिण अफ्रीका-ए)
तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, रियान पराग, ईशान किशन (विकेटकीपर), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, मानव सुथार, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

