
क्रिकेट के मैदान पर आपने तूफानी गेंदबाज देखे होंगे, लेकिन इंग्लैंड के फ्रेड ट्रूमैन जैसे गुस्सैल और घातक गेंदबाज शायद ही कभी देखें हों। उनके रनअप की गूंज सुनकर बल्लेबाजों की रूह कांप जाती थी। लेकिन एक दिन ऐसा भी आया जब उन्होंने सिर्फ गेंदबाज की नहीं, "गुस्से में उबलते पति" की भूमिका भी निभाई और उसका नतीजा ऐसा रहा कि ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट गई।
भारत के खिलाफ धमाकेदार डेब्यू – 4 बल्लेबाज डक पर आउट!
1952 में ट्रूमैन ने भारत के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। पहला ही मैच और पहली ही इनिंग में उन्होंने भारतीय टॉप ऑर्डर को ऐसे हिला कर रख दिया कि चार बल्लेबाज – पंकज रॉय, दत्ता गायकवाड़, एमके मंत्री और विजय मांजरेकर – बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। यही वो दिन था जब दुनिया ने जाना कि यह गेंदबाज लंबी रेस का घोड़ा है।
1961 में रचा इतिहास – गुस्से में उड़ाया ऑस्ट्रेलिया को!
1961 की एशेज सीरीज़ में ट्रूमैन ने वो कर दिया, जो इतिहास बन गया। लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर जब तीसरा टेस्ट खेला जा रहा था, तब ट्रूमैन की ज़िंदगी का सबसे दिलचस्प और खतरनाक मोड़ सामने आया। पहली पारी में उन्होंने 58 रन देकर 5 विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया को 237 रन पर समेट दिया। इंग्लैंड ने जवाब में 299 रन बनाए। लेकिन असली कहर तो तब बरपा जब दूसरी पारी शुरू हुई।
पत्नी से हुआ झगड़ा, रात गाड़ी में गुज़ारी – अगली सुबह मैदान पर निकला कहर!
दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद ट्रूमैन अपने घर गए जो स्टेडियम के पास ही था। लेकिन वहां उनका पत्नी एनिड चैपमैन से झगड़ा हो गया और उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। मजबूरी में ट्रूमैन को पूरी रात अपनी कार में सोना पड़ा।
नींद पूरी नहीं हुई, मूड गड़बड़ था, लेकिन जब मैदान पर उतरे तो ऐसा लग रहा था जैसे हर बॉल में बिजली भरी हो। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में 5 विकेट उड़ा दिए। नील हार्वी, नॉर्म ओ’नील, एलन डेविडसन, बॉब सिम्पसन, और कप्तान रिची बेनो जैसे दिग्गज उनके सामने टिक ही नहीं पाए।
11 विकेट लेकर इंग्लैंड को दिलाई जीत
इस टेस्ट में ट्रूमैन ने कुल मिलाकर 11 विकेट लिए और इंग्लैंड को जीत दिलाई। यह प्रदर्शन ना केवल क्रिकेट इतिहास का स्वर्णिम पल बना, बल्कि यह भी दिख गया कि एक गेंदबाज जब निजी गुस्से को मैदान पर उतार दे, तो उसके सामने कोई टिक नहीं सकता।
फ्रेड ट्रूमैन का टेस्ट करियर – रफ्तार, रिकॉर्ड और रुतबा
टेस्ट मैच: 67
विकेट: 307
औसत: 21.57
फाइव विकेट हॉल: 17
10 विकेट हॉल: 3
इकॉनमी: 2.71
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन: 8/31
पहले गेंदबाज जिन्होंने पूरे किए 300 विकेट
ट्रूमैन ने टेस्ट इतिहास में सबसे पहले 300 विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने तेज गेंदबाजी को एक नई ऊंचाई दी और साबित किया कि इंग्लैंड का ये दिग्गज सिर्फ गेंदों से नहीं, जज़्बातों से भी मैच पलट सकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

