
मुंबई, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। विराट कोहली मौजूदा समय के बेहतर बल्लेबाजों में से एक है। लगातार मैचों में रन बनाने की आदत के कारण उन्हें रन मशीन कहा गया। रन चेज़ करने में कोली के बराबर कोई नहीं, लेकिन ऐसा लग रहा है कि पिछले कुछ समय से इस मशीन में जंग लग गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान विराट कोहली लंबे समय से बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे हैं। इस सीजन में भी वो रनों के लिए जूझ रहे हैं। लगातार दो मैचों में जीरो पर आउट होने के बाद अगले मैच में भी कोहली सिर्फ 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कोहली की खराब फॉर्म ने भारत के अलावा विदेशी खिलाड़ियों की चिंता भी बढ़ा दी है। कई दिग्गज खिलाड़ी ने विराट की वापसी के लिए अलग-अलग सलाह दी है।
पहले भी देख चुके हैं आराम की सलाह
इस सीजन 9 पारी में 128 रन बनाने वाले कोहली को टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने सलाह दी है। रवि शास्त्री ने कहा कि कोहली को अपना प्रदर्शन बेहतर करने के लिए आईपीएल छोड़ देना चाहिए और लंबे समय तक क्रिकेट से आराम लेना चाहिए, इससे वो मानसिक रूप से तरोताजा होंगे और पुरानी लय में लौट पाएंगे। शास्त्री पहले भी कोहली को आराम लेने की सलाह दे चुके हैं।
लंबा ब्रेक लेना उनके लिए सही फैसला होगा
रवि शास्त्री ने कहा मुझे लगता है कि ये उनके लिए सबसे बेहतर होगा, क्योंकि उन्होंने लगातार क्रिकेट खेला है और तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी की है। ब्रेक लेना उनके लिए सही फैसला होगा। आप जानते हैं कि कई बार आपको संतुलन बनाना जरूरी होता है। आप अगले 6 से 7 साल तक खेलना चाहते हैं तो आपको आईपीएल छोड़ देना चाहिए।
विराट के अंदर 5 साल का क्रिकेट बाकी
शास्त्री ने बताया कि विराट अभी भी युवा है और उनके 5-6 साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट बचा है। उन्हें पहले ही इसका एहसास हो जाना था, जो अब उनके साथ हो रहा है। उन्हें फिर से शुरुआत करने की जरूरत है। अपनी सोच और अपने नजरिए में बदलाव की जरूरत है। कई खिलाड़ी इस दौर से गुजरते हैं। आप पहले गेम में आउट होने की बात करते हैं, ईमानदारी से कहूं तो एक खिलाड़ी के रूप में मैं पहली गेंद पर आउट होने पर चिंतित नहीं होता हूं, क्योंकि शायद ही मैंने क्रीज पर कोई समय बिताया था, चिंता की बात तब होती है जब सेट होकर अपना विकेट फेंक देते हैं।
पिछली तीन पारियों में दहाई से दूर
आईपीएल 2022 में विराट का खराब फॉर्म जारी है। लगातार दो पारियों में शून्य के स्कोर पर आउट होने वाले कोहली अगले मैच में भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। विराट नवंबर 2019 के बाद से किसी भी फॉर्मेट में तिहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए हैं और अब उनके लिए दहाई का आंकड़ा छूना भी मुश्किल हो रहा है।
कैरियर के सबसे खराब दौर से गुजर रहे कोहली
क्रिकेट पंडितों का मानना है कि वह अपने कैरियर के सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं और इससे जरूर वापसी करेंगे। विराट भी इस बात बखूबी समझ रहे हैं, क्योंकि हर बार उनके आउट होने का तरीका अलग होता है। इस सीजन में वो दो बार रन आउट हो चुके हैं। राजस्थान के खिलाफ जब प्रसिद्ध कृष्णा की छोटी गेंद पर कोहली पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए तो पवेलियन लौटते समय उनके चेहरे पर एक मुस्कुराहट थी, इस मुस्कुराहट में रन न बना पाने का दर्द साफ झलक रहा था और एक समझ थी कि कभी ना कभी तो यह दौर खत्म होगा और उनके बल्ले से बड़ी पारी निकलेगी।
इस सीजन 16 के औसत से रन बना रहे विराट
विराट कोहली सीजन बेहद खराब दौर से गुजर रहे हैं। 9 मैच में उन्होंने 128 रन बनाए हैं और उनका औसत 16 का है। राजस्थान के खिलाफ विराट ने पारी की शुरुआत की थी और पहले ओवर में आक्रामक अंदाज में रन बनाए थे, लेकिन दूसरे ही ओवर में वो आउट हो गए।
पिछले 6 साल में एक बार ही सीजन में बनाए 500 रन
कोहली आईपीएल के मौजूदा सीजन में 9 मैच के बाद भी एक अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। विराट के बल्ले से पेशेवर क्रिकेट में पिछला शतक 23 नवंबर 2019 को निकला था। तब उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन पर डे नाइट टेस्ट में शतक लगाया था। उसके बाद 100 से ज्यादा मैच हो चुके हैं, लेकिन विराट को बल्ला उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार करने का मौका नहीं मिला है। विराट ने आईपीएल 2016 में 973 रन बनाए थे, उसके बाद से आईपीएल के किसी एक सीजन में सिर्फ एक बार ही 500 से ज्यादा रन बना सके हैं। 2016 में विराट एक आईपीएल सीजन में 4 शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। ये रिकॉर्ड अभी भी कायम है। सीजन में उनका उच्चतम स्कोर 113 था। उन्होंने 16 मैच में 81.08 की औरत और 152.3 की स्ट्राइक रेट से 973 रन बनाए थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

