
अहमदाबाद। IPL 2026 में आज पॉइंट्स टेबल की तस्वीर बदल सकती है। सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाला मुकाबला सिर्फ जीत-हार का नहीं, बल्कि नंबर-1 की कुर्सी का भी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधे टॉप पर पहुंच जाएगी।
दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर
SRH और GT दोनों के 11 मैचों में 14-14 पॉइंट्स हैं। बेहतर नेट रनरेट की वजह से हैदराबाद दूसरे और गुजरात तीसरे नंबर पर है। ऐसे में आज का मुकाबला प्लेऑफ की रेस और टॉप-2 फिनिश दोनों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
हेड टू हेड में गुजरात भारी
दोनों टीमें अब तक IPL में 6 बार आमने-सामने आई हैं। इनमें गुजरात टाइटंस ने 5 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद को सिर्फ 1 जीत मिली है। पिछले सीजन के दोनों मुकाबले भी गुजरात ने अपने नाम किए थे। हालांकि इस बार SRH की फॉर्म अलग कहानी बयां कर रही है।
गिल और सुदर्शन गुजरात की सबसे बड़ी ताकत
शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी की है। राजस्थान के खिलाफ 77 रन की बड़ी जीत से टीम का आत्मविश्वास और बढ़ा है। गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी टीम की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। गिल ने इस सीजन 10 मैचों में 462 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 160.41 का रहा है। मिडिल ऑर्डर में जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर टीम को संतुलन देते हैं। वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं। रबाडा इस सीजन अब तक 18 विकेट ले चुके हैं और डेथ ओवरों में काफी असरदार रहे हैं।
SRH की बल्लेबाजी इस सीजन सबसे खतरनाक
सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन 8 बार 200+ स्कोर बनाया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम ने 249 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। IPL 2026 के टॉप-10 रन स्कोरर्स में SRH के तीन बल्लेबाज शामिल हैं। हेनरिक क्लासन 494 रन के साथ सबसे आगे हैं, जबकि अभिषेक शर्मा दूसरे और ईशान किशन आठवें स्थान पर हैं। टीम की आक्रामक बल्लेबाजी ने इस सीजन कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े हैं और गुजरात के गेंदबाजों के सामने आज बड़ी चुनौती रहने वाली है।
कमिंस की वापसी से मजबूत हुई बॉलिंग
पैट कमिंस की वापसी ने SRH की गेंदबाजी को नई धार दी है। शुरुआती मैच चोट के कारण मिस करने के बाद अब उनका प्रभाव साफ नजर आ रहा है। श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा भी टीम के लिए बड़ी खोज साबित हुए हैं। वे इस सीजन 16 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर बने हुए हैं।
बल्लेबाजों के लिए मददगार होगी अहमदाबाद की पिच
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मुफीद मानी जाती है। हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को भी स्विंग मिल सकती है। यहां लक्ष्य का पीछा करना आसान माना जाता है। IPL में इस मैदान पर खेले गए 50 मैचों में 25 बार चेज करने वाली टीम जीती है, जबकि 24 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को सफलता मिली। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।
मौसम कैसा रहेगा?
अहमदाबाद में मैच के दौरान मौसम गर्म रहेगा। तापमान करीब 33°C रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन हवा में 61% नमी रहने से दूसरी पारी में ओस अहम भूमिका निभा सकती है।
संभावित प्लेइंग-12
गुजरात टाइटंस
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथर और राहुल तेवतिया।
सनराइजर्स हैदराबाद
ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलील अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा और हर्ष दुबे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

