
भारत समेत दुनिया की 12 टीमें Women's T20 World Cup 2026 में खिताब के लिए उतरेंगी। मौजूदा प्रदर्शन, पिछले रिकॉर्ड और टीम संतुलन को देखें तो ऑस्ट्रेलिया, भारत, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। आइए जानते हैं कि आखिर इन चार टीमों को सबसे आगे क्यों माना जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया फिर सबसे बड़ी दावेदार क्यों?
महिला टी-20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा अब भी कायम है। टीम अब तक खेले गए 9 में से 6 टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर चुकी है। इस बार टीम नई कप्तान सोफी मोलिन्यूक्स की अगुआई में मैदान पर उतरेगी, लेकिन अनुभव की कमी स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी पूरी करती है। टीम के पास एलिस पेरी, बेथ मूनी, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैक्ग्रा और मेगन शुट जैसी अनुभवी खिलाड़ी हैं, जो किसी भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं। आगे जानिए ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड क्या कहते हैं।
विश्व कप रिकॉर्ड सबसे मजबूत
ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 वर्ल्ड कप में 49 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 39 जीते हैं। टीम का जीत प्रतिशत 80.6% है, जो टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बेहतर माना जाता है। टीम का सर्वोच्च स्कोर 191 रन रहा है।
हालिया फॉर्म भी शानदार
पिछले लगभग डेढ़ साल में ऑस्ट्रेलिया ने 12 में से 10 टी-20 मुकाबले जीते हैं। हालांकि हाल के ICC नॉकआउट मुकाबलों में उसे भारत और साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम की निरंतरता अब भी उसे सबसे आगे रखती है।
भारत लगातार दूसरे ICC खिताब की तलाश में
भारत ने 2025 वनडे वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास बनाया था। अब कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में टीम की नजर पहली बार टी-20 विश्व कप जीतने पर है। अगर ऐसा होता है तो भारत लगातार दो ICC खिताब जीतने वाली चुनिंदा टीमों में शामिल हो जाएगा।
विश्व कप में कैसा रहा प्रदर्शन?
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में 40 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 22 जीते हैं। टीम का जीत प्रतिशत 55% है। भारत 2020 में फाइनल और 2018 व 2023 में सेमीफाइनल तक पहुंच चुका है।
चारों दावेदारों में सबसे ज्यादा जीत
पिछले डेढ़ साल में भारत ने 21 टी-20 मुकाबले खेले और 12 जीत दर्ज की। यह इन चारों दावेदारों में सबसे अधिक जीत है। हालांकि इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका दौरे पर सीरीज गंवानी पड़ी, लेकिन घरेलू मैदान पर श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया को हराकर टीम ने मजबूत वापसी की।
हरमनप्रीत और स्टार खिलाड़ियों पर निगाह
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने 57% टी-20 मुकाबले जीते हैं। टीम की बल्लेबाजी की बड़ी जिम्मेदारी स्मृति मंधाना पर होगी। वहीं ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह टीम को संतुलन देती हैं।
इंग्लैंड घरेलू मैदान का फायदा उठाना चाहेगा
इंग्लैंड ने अपना पहला और आखिरी टी-20 विश्व कप 2009 में जीता था। इसके बाद टीम कई बार फाइनल तक पहुंची, लेकिन ट्रॉफी से दूर रही। इस बार घरेलू परिस्थितियां उसके लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती हैं।
शानदार विश्व कप रिकॉर्ड
इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में 42 मुकाबले खेले हैं और 31 जीते हैं। टीम का जीत प्रतिशत 75% है, जो ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरा सबसे बेहतर रिकॉर्ड है।
हालिया प्रदर्शन मिला-जुला
1 जनवरी 2025 के बाद इंग्लैंड ने 17 टी-20 मुकाबले खेले, जिनमें 9 जीते। इस दौरान टीम ने न्यूजीलैंड और भारत दोनों को 2-1 से हराकर अपनी ताकत दिखाई।
कप्तानी में भी मजबूत रिकॉर्ड
कप्तान नैट सिवर-ब्रंट चोट से उबर चुकी हैं और टीम की अगुआई करेंगी। उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने 16 में से 11 मुकाबले जीते हैं। बल्लेबाजी और ऑलराउंड क्षमता टीम की सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है।
साउथ अफ्रीका क्या पहली बार बनेगा चैंपियन?
साउथ अफ्रीका लगातार पिछले दो टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल खेल चुका है, लेकिन ट्रॉफी जीतने से चूक गया। इस बार टीम उस अधूरे सपने को पूरा करना चाहेगी।
रिकॉर्ड भले कमजोर, लेकिन आत्मविश्वास मजबूत
टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में 39 मुकाबले खेले हैं और 18 जीते हैं। जीत प्रतिशत 46% है, लेकिन हाल के ICC टूर्नामेंट में उसके प्रदर्शन ने सभी का ध्यान खींचा है।
हालिया फॉर्म ने बढ़ाया भरोसा
2025-26 में साउथ अफ्रीका ने 18 टी-20 मुकाबलों में 10 जीत दर्ज की। इस दौरान टीम ने भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज 4-1 से अपने नाम की और 220 रन का सर्वोच्च स्कोर भी बनाया।
कप्तानी और टीम संयोजन सबसे बड़ी ताकत
कप्तान लौरा वोल्वार्ट की अगुआई में टीम ने 21 टी-20 मुकाबले जीते हैं। उनके साथ मरिजान कैप, सुने लुस, क्लो ट्रायन, डेन वान नीकर्क और वापसी कर चुकी शबनम इस्माइल टीम को बेहद संतुलित बनाती हैं।
किस टीम का पलड़ा सबसे भारी?
अगर टी-20 वर्ल्ड कप का इतिहास देखा जाए तो ऑस्ट्रेलिया सबसे मजबूत दावेदार नजर आता है। वहीं हालिया फॉर्म और टीम संतुलन के आधार पर भारत भी पहली बार ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार है। दूसरी ओर इंग्लैंड घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठा सकता है, जबकि साउथ अफ्रीका लगातार बड़े टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी मजबूत कर चुका है। ऐसे में Women's T20 World Cup 2026 में खिताब की जंग चार मजबूत टीमों के बीच बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

