मंगलवार, 31 मार्च 2026
Logo
Chhattisgarh

आवासीय तीरंदाजी खेल अकादमी रायपुर के लिए 40 खिलाड़ियों का चयन, सूची में 20 बालक और 20 बालिकाएं

22 जुल, 20240 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
आवासीय तीरंदाजी खेल अकादमी रायपुर के लिए 40 खिलाड़ियों का चयन, सूची में 20 बालक और 20 बालिकाएं

आवासीय तीरंदाजी खेल अकादमी रायपुर के लिए 40 खिलाड़ियों का चयन, सूची में 20 बालक और 20 बालिकाएं

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राजधानी में संचालित आवासीय तीरंदाजी अकादमी के लिए 20 बालक और 20 बालिकाओं का चयन किया है। राज्य स्तरीय चयन के लिए ट्रायल का आयोजन 25-26 जून को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम और खेल संचालनालय परिसर स्थित तीरंदाजी एरिना में हुआ था।

    

खेल संचालक तनुजा सलाम के निर्देश पर नोडल अधिकारी प्रशासक खेल अकादमी, रायपुर चेतन कुमार श्रीवास ने ट्रायल कराया। चयन समिति में भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र रायपुर और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के (एनआईएस) प्रशिक्षक शामिल रहे। खिलाड़ियों के फिटनेस से संबंधित मोटर एबिलिटी टेस्ट, मेडिकल टेस्ट, स्पोर्ट्स स्किल टेस्ट एवं मेंटल एबिलिटी टेस्ट लिए गए। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले खिलाड़ियों को ही प्रदर्शन के आधार पर मेरिट क्रमानुसार 13 से 17 वर्ष आयुवर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया गया है।


10 दिन के अंदर अकादमी में प्रवेश दिया जाएगा

प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया, इसमें राज्य के जिले रायपुर से 05 बालिका और 09 बालक, सरगुजा से 07 बालिका, धमतरी से 02 बालक और 04 बालिका, महासमुंद से 05 बालिका और 02 बालक, नारायणपुर से 03 बालक, बिलासपुर से 01 बालक, कोण्डागांव से 01 बालक एवं गरियाबंद जिले से 01 बालिका का चयन किया गया है। इन चयनित खिलाड़ियों को 10 दिन के अंदर अकादमी में प्रवेश दिया जाएगा। यदि चयनित खिलाड़ी में से कोई प्रवेश लेने में असमर्थ रहता है, तो प्रतीक्षा सूची में से मेरिट के आधार पर प्रवेश देने की कार्यवाही की जाएगी।


ये सुविधाएं दी जाएंगी

खेल अकादमी में प्रवेश लेने वाले खिलाड़ियों को खेल अकादमी संचालन नियम-2014 के अंतर्गत निशुल्क आवास, भोजन, शैक्षणिक सुविधा, परिधान, प्लेइंग किट, दुर्घटना बीमा एवं प्रतियोगिताओं में सहभागिता आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आवासीय खेल अकादमी के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन के द्वारा एनआईएस प्रशिक्षकों की भर्ती की गई है। समय समय पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाजी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को खेल अकादमी में आमंत्रित कर विशिष्ट प्रशिक्षण का आयोजन भी कराया जाएगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें