
रायपुर। प्रदेश में राशनकार्ड के नवीनीकरण और राशन कार्डधारकों का ई-केवाईसी किया जा रहा है। प्रदेश के सभी श्रेणी के राशनकार्ड -अन्त्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निशक्तजन और एपीएल योजना के राशनकार्डधारियों का ई-केवाईसी एवं राशनकार्डों का नवीनीकरण 30 जून 2024 तक अनिवार्य रूप से कराने के लिए कहा गया है। अब तक कुल 70 लाख राशन कार्डधारकों का नवीनीकरण किया जा चुका है।
खाद्य विभाग के अनुसार राशनकार्ड नवीनीकरण करने के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 77 लाख राशनकार्ड हितग्राही है। नवीनीकरण के कार्य में पहले पायदान पर बीजापुर जिला है। कुल हितग्राही 71,368 हितग्राहियों में से 71,145 हितग्राहियों ने, द्वितीय स्थान पर नारायणपुर जिला 36,167 हितग्राहियों में से 35,831 हितग्राहियों ने, इसी प्रकार तृतीय स्थान पर सुकमा जिला 78752 हितग्राहियों में से लगभग 78 हजार हितग्राहियों ने अपना राशन कार्ड नवीनीकरण का कार्य करवा लिया है।
इस तरह नवीनीकरण कर सकते हैं
राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग की ओर से खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाइल एप तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से डाउनलोड करके नवीनीकरण का कार्य कर सकते हैं। हितग्राही उचित मूल्य दुकान में भी जाकर ऑनलाईन के माध्यम से अपना नवीनीकरण और ई-केवायसी का कार्य करवा सकतें है।
ई-केवाईसी के लिए प्रत्येक हितग्राही का बायोमेट्रिक अपडेट होना चाहिए। जिन सदस्यों का बाल आधार बना है, उन्हें पहले आधार सेवा केंद्र से अपना बायोमेट्रिक अपडेट कराना होगा। इसके बाद उचित मूल्य दुकान के ई-पॉस मशीन से ई-केवाईसी करा सकते हैं। राशनकार्ड में ई-केवाईसी और नवीनीकरण की सुविधा निशुल्क है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

